सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अभनपुर, 24 फरवरी। ग्राम निमोरा में आयोजित देवी भागवत पुराण कथा के अष्टम दिवस कथावाचक पं. युवराज पांडे ने मां जगदंबा से जुड़े प्रसंगों का वर्णन किया।
कथा के दौरान उन्होंने कहा कि यदि श्रद्धालु सरल भाव से भगवती की पूजा-अर्चना करते हैं तो उन्हें आशीर्वाद प्राप्त होता है। उन्होंने बताया कि पुराणों के अनुसार विभिन्न असुरों ने तपस्या कर शक्ति प्राप्त की और अत्याचार किए। कथावाचक के अनुसार, महिषासुर, चंड-मुंड, रक्तबीज और शुंभ-निशुंभ जैसे दैत्यों के अत्याचारों से देवता और मानव परेशान थे, तब माता जगदंबा ने अवतार लेकर उनका संहार किया और संसार की रक्षा की।
कथा में छत्तीसगढ़ी लोकगीतों सहित पचरा गीतों का भी प्रस्तुतीकरण किया गया।
नव दिवस तक चले इस आयोजन में माता जगदंबा के विभिन्न प्रसंगों का वर्णन किया गया, जिसके बाद कथा का विराम हुआ।
कार्यक्रम में कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, पंकज शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालु उपस्थित थे।


