सरगुजा

अंबिकापुर में पीलिया का प्रकोप फैला, कई वार्डों में नए मरीज मिले
23-Feb-2026 11:35 PM
अंबिकापुर में पीलिया का प्रकोप फैला, कई वार्डों में नए मरीज मिले

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 23 फरवरी। शहर में पीलिया का प्रकोप अब केवल एक वार्ड तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि विभिन्न बस्तियों में संक्रमण फैलने की आशंका गहराती जा रही है। सर्वाधिक प्रभावित मोमिनपुरा क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग ने विशेष शिविर लगाकर 100 से अधिक संदिग्ध मरीजों के रक्त नमूने एकत्र किए हैं। नवागढ़ और मोमिनपुरा के बाद घुटरापारा में भी पीलिया के 6 नए मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।

नगर निगम की जल शाखा द्वारा क्षतिग्रस्त पाइप लाइनों की मरम्मत का कार्य जारी है, लेकिन प्रभावित इलाकों में सफाई और क्लोरीनेशन व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। अलग-अलग बस्तियों से प्रतिदिन मरीज सामने आना संकेत दे रहा है कि समस्या व्यापक स्तर पर फैल सकती है।

नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद निगम आयुक्त, पार्षदों, स्वास्थ्य विभाग एवं जल शाखा के कर्मियों के साथ प्रभावित क्षेत्रों में लगे स्वास्थ्य शिविरों और पाइप लाइन सुधार कार्य की निगरानी में डटे रहे। उन्होंने कहा कि यदि यह केवल एक पाइप लाइन खराबी का मामला होता तो संक्रमण सीमित क्षेत्र तक ही रहता, लेकिन विभिन्न बस्तियों से मरीज मिलने से व्यापक स्तर पर लापरवाही की आशंका है। उन्होंने संदेह जताया कि कई स्थानों पर पाइप लाइन मरम्मत कार्य अमानक हो सकता है या जल शुद्धिकरण संयंत्र में निर्धारित मात्रा में एलम, ब्लीचिंग पाउडर और क्लोरीन का उपयोग नहीं किया जा रहा है।

नगर निगम आयुक्त डीएन कश्यप ने बताया कि दूषित जल आपूर्ति की शिकायत मिलते ही जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई है। प्रभावित क्षेत्रों से पानी के नमूने लेकर रायपुर जांच के लिए भेजे गए हैं और रिपोर्ट मिलने के बाद आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी।

इधर नागरिकों में चिंता बढ़ती जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से उबला हुआ पानी पीने, स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने और लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराने की अपील की है। अब सबकी निगाहें जांच रिपोर्ट और प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं, जिससे संक्रमण की श्रृंखला को समय रहते तोड़ा जा सके।


अन्य पोस्ट