सरगुजा

विशेष पिछड़ी जनजाति समूह के युवाओं को मिला रोजगार का अवसर
23-Feb-2026 11:31 PM
विशेष पिछड़ी जनजाति समूह के युवाओं को मिला रोजगार का अवसर

 22 अभ्यर्थियों को नियुक्ति आदेश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 23 फरवरी। सरगुजा जिले में निवासरत विशेष पिछड़ी जनजाति समूह  के युवाओं को मुख्यधारा से जोडऩे एवं रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा महत्वपूर्ण पहल की गई है। कलेक्टर अजीत वसंत के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत वार्ड ब्वाय एवं वार्ड आया के पदों पर अस्थायी रूप से सेवा लिए जाने हेतु अनुमति प्रदान की गई।

जिला खनिज संस्थान न्यास  मद अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग में रिक्त स्वीकृत पदों के विरुद्ध भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ की गई। कुल 30 पदों के लिए 97 आवेदन प्राप्त हुए, जिससे युवाओं में रोजगार के प्रति उत्साह स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुआ।

प्राप्त आवेदनों के परीक्षण एवं वरीयता क्रम के अनुसार काउंसलिंग आयोजित की गई, जिसके उपरांत वार्ड ब्वाय के 09 एवं वार्ड आया के 13 अभ्यर्थियों द्वारा चयनित स्वास्थ्य संस्थानों हेतु आदेश जारी कर दिए गए हैं। इस पहल से विशेष पिछड़ी जनजाति समूह के पात्र एवं योग्य युवाओं को रोजगार का अवसर प्राप्त हुआ है, साथ ही उन्हें सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनने की दिशा में आगे बढऩे का अवसर भी मिला है।

कलेक्टर श्री वसंत ने निर्देशित किया है कि जिले की स्वास्थ्य आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अत्यावश्यक एवं सेवा से सीधे जुड़े पदों की पूर्ति प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाए, ताकि स्वास्थ्य सेवाएं अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बन सकें।

जिला प्रशासन द्वारा यह पहल विशेष पिछड़ी जनजाति समूह के समावेशी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।


अन्य पोस्ट