सरगुजा

राजपुरी से रामानुजगंज चौक तक बनेगी फोरलेन सडक़
23-Feb-2026 11:29 PM
राजपुरी से रामानुजगंज चौक तक बनेगी फोरलेन सडक़

69.09 करोड़ की मिली मंजूरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 23 फरवरी। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री तथा अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल की पहल पर अंबिकापुर के लरंग साय चौक से रामानुजगंज मार्ग राजपुरी खुर्द तक 6.38 किलोमीटर लंबी सडक़ के फोरलेन चौड़ीकरण निर्माण कार्य के लिए 69.09 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

इस स्वीकृति पर मंत्री राजेश अग्रवाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मार्ग के फोरलेन होने से नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और यातायात सुगम होगा।

मंत्री अग्रवाल ने कहा कि यह सडक़ केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि क्षेत्रीय विकास की धुरी बनेगी। इससे व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच और अधिक आसान होगी तथा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच संपर्क मजबूत होगा।अभी कुछ दिन पहले ही अंबिकापुर के गांधी चौक से रेलवे स्टेशन तक 61 करोड़ की लागत से फोर लेन सडक़ की स्वीकृति मिल चुकी है। जल्द ही रायगढ़ रोड और बनारस रोड की भी स्वीकृति मिलने की संभावना है। स्वीकृत उक्त दोनों सडक़ों में नाली, फुटपाथ, डिवाइडर, लाइट सभी बनेगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है और सरगुजा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। सडक़ के उन्नयन से निवेश और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। मंत्री अग्रवाल ने संबंधित विभाग को जल्द ही निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं, ताकि निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा किया जा सके।


अन्य पोस्ट