सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 21 फरवरी। सरगुजा जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मैनपाट स्थित टाइगर प्वाइंट पर शुक्रवार देर रात आग लगने से कई गुमटियां जलकर नष्ट हो गईं। आगजनी की इस घटना में स्थानीय दुकानदारों की अस्थायी दुकानें, कुर्सी, टेबल सहित खाद्य सामग्री और अन्य सामान जलकर खाक हो गया। घटना कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टाइगर प्वाइंट पर घास, लकड़ी और टीन से बनी गुमटियों में ग्रामीण चाय-नाश्ता, भोजन एवं स्मृति चिन्हों की बिक्री कर अपना रोजगार चलाते थे। शुक्रवार रात लगभग 11 बजे स्थानीय लोगों ने गुमटियों में आग की लपटें उठती देखीं और तुरंत दुकानदारों को सूचित किया। मौके पर पहुंचे संचालकों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैल गई और कतार में बनी अधिकांश गुमटियां इसकी चपेट में आ गईं।
इस आगजनी से शिवकुमार यादव, राजेश यादव, अनिल यादव, संजू यादव, कैलाश यादव सहित कई दुकानदारों को गंभीर आर्थिक नुकसान हुआ है।
पीडि़त दुकानदारों ने बताया कि उनकी आजीविका पूरी तरह इन्हीं दुकानों पर निर्भर थी और अब पुन: व्यवसाय शुरू करने में लंबा समय लगेगा। शनिवार को दूसरे दिन भी ग्रामीण जली हुई दुकानों के मलबे से बचे सामान की तलाश करते रहे।
आग लगने के कारणों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। शरारती तत्वों द्वारा आगजनी की आशंका जताई जा रही है, वहीं यह भी संभावना है कि ठंड से बचाव के लिए जलाए गए अलाव को ठीक से नहीं बुझाने के कारण आग भडक़ी हो। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी करीब एक वर्ष पहले मैनपाट में इसी तरह आगजनी की घटना सामने आ चुकी है।
मैनपाट का टाइगर प्वाइंट पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण है, जहां ग्रामीण परिवार पर्यटन गतिविधियों से जुडक़र रोजगार अर्जित करते हैं। इस घटना से दुकानदारों को लाखों रुपये की क्षति हुई है, जिससे स्थानीय पर्यटन व्यवसाय पर भी प्रतिकूल प्रभाव पडऩे की आशंका जताई जा रही है।


