सरगुजा

सरगुजा की बेटी दीपशिखा एक्का का एनएफआर गुवाहाटी रेलवे में चयन
21-Feb-2026 9:32 PM
सरगुजा की बेटी दीपशिखा एक्का का एनएफआर गुवाहाटी रेलवे में चयन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 21 फरवरी। सरगुजा जिले की प्रतिभाशाली बास्केटबॉल खिलाड़ी दीपशिखा एक्का ने अपने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के दम पर नॉर्थ फ्रंटियर रेलवे (एनएफआर) गुवाहाटी, असम में नौकरी प्राप्त कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से सरगुजा जिले और सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ में हर्ष और गौरव का माहौल है।

राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि दीपशिखा एक्का सखोली दरिमा की निवासी हैं और बचपन से ही खेलों के प्रति विशेष रुचि रखती थीं। वर्ष 2015 में कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में कक्षा 7वीं की छात्रा रहते हुए सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ द्वारा आयोजित टैलेंट सर्च कार्यक्रम के तहत उनकी प्रतिभा को पहचाना गया और उन्हें बास्केटबॉल खेल के लिए चयनित कर प्रारंभिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

इसके पश्चात सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ के माध्यम से विशेष ट्रायल कराए गए, जिसमें सफल होने पर उनका चयन साईं अकादमी, राजनांदगांव के लिए हुआ। यहां उन्होंने आवासीय व्यवस्था में रहकर पढ़ाई के साथ अंतरराष्ट्रीय कोच राजेश्वर राव के मार्गदर्शन में कठोर प्रशिक्षण प्राप्त किया। इस दौरान दीपशिखा ने विभिन्न राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लिया और अनेक पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उन्हें एनएफआर गुवाहाटी रेलवे में नियुक्ति मिली।

दीपशिखा की सफलता को पूरे सरगुजा जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचना और रेलवे जैसी प्रतिष्ठित संस्था में चयनित होना यह दर्शाता है कि सरगुजा की बेटियां खेल के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां छू रही हैं। इस सफलता में राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह और सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ के टैलेंट सर्च कार्यक्रम की अहम भूमिका रही।

सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष, पदाधिकारियों एवं प्रशिक्षकों ने दीपशिखा एक्का को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि आने वाली युवा खिलाडिय़ों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और जिले में खेल प्रतिभाओं को आगे बढऩे का मार्ग प्रशस्त करेगी।


अन्य पोस्ट