सरगुजा

मतदाता सूची से नाम कटवाने के भाजपा के प्रयास विफल- बालकृष्ण
21-Feb-2026 9:36 PM
मतदाता सूची से नाम कटवाने के भाजपा के प्रयास विफल- बालकृष्ण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 21 फरवरी। मतदाता सूचियों के गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के उपरांत जारी अंतिम मतदाता सूची पर प्रतिक्रिया देते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने आरोप लगाया कि फार्म-7 के माध्यम से भाजपा द्वारा वैध मतदाताओं के नाम कटवाने का दुर्भावनापूर्ण प्रयास विफल हो गया है।

जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय राजीव भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने प्रशासन से मांग की कि ऐसे प्रयास करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं पर जन प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 की धारा 31 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 212 सहित अन्य सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की जाए।

बालकृष्ण पाठक ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने संगठित रूप से जिले के हजारों वैध मतदाताओं के नाम कटवाने के लिए फार्म-7 के अंतर्गत आवेदन दिए थे। इस संबंध में कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद के नेतृत्व में प्रशासन से मिलकर साक्ष्य सहित शिकायत भी दर्ज कराई थी।

उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया का उपयोग कर भाजपा अपनी पसंद के अनुसार मतदाता सूची तैयार करने का प्रयास कर रही थी और विशेष रूप से उन मतदान केंद्रों को निशाना बनाया गया, जहां कांग्रेस को बढ़त मिलती थी। हालांकि कांग्रेस के सक्रिय बीएलए, मंडल अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष और कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयास से यह प्रयास सफल नहीं हो पाया।

पाठक ने कहा कि पार्टी की सक्रियता का श्रेय पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव को जाता है, जिन्होंने जिलेभर में छह समीक्षा बैठकों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को तैयार किया।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि जनवरी 2025 की तुलना में जिले में मतदाताओं की संख्या में लगभग 72 हजार की कमी दर्ज की गई है। निर्वाचन विभाग के अनुसार यह गिरावट स्थानांतरण, मृत्यु या अनुपस्थिति के कारण हुई है। कांग्रेस मतदान केंद्रवार इस कमी की जांच करेगी।

 

प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष जे.पी. श्रीवास्तव ने कहा कि फार्म-7 के बावजूद वैध मतदाताओं के नाम सूची में यथावत रहना यह दर्शाता है कि आवेदन दुर्भावनापूर्ण थे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन कार्रवाई नहीं करता है तो कांग्रेस का लीगल सेल न्यायालय का रुख करेगा।

प्रेसवार्ता में मो. इस्लाम, इरफान सिद्धकी, इंद्रजीत सिंह धंजल, दुर्गेश गुप्ता, अतुल तिवारी, जमील खान, रशीद अहमद, नरेंद्र विश्वकर्मा, आशीष जायसवाल सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट