सरगुजा

2 माह से राशन नहीं मिलने पर ग्रामीणों ने उचित मूल्य दुकान में जड़ा ताला, प्रदर्शन
21-Feb-2026 9:35 PM
2 माह से राशन नहीं मिलने पर ग्रामीणों ने उचित मूल्य दुकान में जड़ा ताला, प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

लखनपुर, 21 फरवरी। सरगुजा जिले के लुण्ड्रा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत लखनपुर विकासखंड के ग्राम कटिंदा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान में दो माह से राशन वितरण नहीं होने पर आक्रोशित ग्रामीणों ने शनिवार को दुकान में ताला जडक़र विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से तत्काल राशन वितरण कराने की मांग की है।

ग्रामीणों का आरोप है कि शासकीय उचित मूल्य दुकान गणेश स्व सहायता समूह के नाम पर सरपंच पति कुदरत बहाल सिंह द्वारा कई वर्षों से संचालित की जा रही है। बीते एक वर्ष से राशन वितरण में लगातार गड़बडिय़ां की जा रही हैं। हितग्राहियों से मशीन में फिंगर लगवाकर राशन वितरण नहीं किया जाता और कई महीनों से उन्हें उनका निर्धारित राशन नहीं मिल रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि राशन वितरण नहीं होने की शिकायत पहले कलेक्टर सरगुजा से की गई थी, जिसके बाद जांच के लिए खाद्य निरीक्षक गांव पहुंचे थे। खाद्य निरीक्षक द्वारा 20 फरवरी तक दो माह का राशन वितरण कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद राशन का पूर्ण वितरण नहीं किया गया। शनिवार को फिंगर लगवाने के बाद भी राशन नहीं देने पर ग्रामीणों का आक्रोश भडक़ उठा और उन्होंने दुकान में ताला जड़ दिया।

करीब दो घंटे तक विरोध प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों ने दुकान की चाबी कर्मियों को सौंपते हुए स्पष्ट किया कि जब तक दो माह का पूरा राशन नहीं दिया जाएगा, तब तक राशन उठाने नहीं दिया जाएगा।

सूचना मिलने पर आम आदमी पार्टी के लुण्ड्रा विधानसभा प्रभारी जय मंगल राजवाड़े, ब्लॉक अध्यक्ष मोहर लाल सहित पार्टी कार्यकर्ता गांव पहुंचे और ग्रामीणों से जानकारी ली। जय मंगल राजवाड़े ने खाद्य निरीक्षक से फोन पर चर्चा की, जिस पर खाद्य निरीक्षक सतपाल सिंह ने राशन वितरण में एक वर्ष से गड़बड़ी होने की बात स्वीकार करते हुए सोसायटी संचालक को दो माह का राशन देने के निर्देश दिए।

इस दौरान सुभाष, हुलास, मोहनदास, कलकदास, मनिहारो, फूलसीता, सोनिया, लालो, विलासो, संगीता, प्रतिमा, कलिता, राजकुमारी सहित सैकड़ों ग्रामीण महिला-पुरुष मौजूद रहे।

आम आदमी पार्टी के सरगुजा लोकसभा उपाध्यक्ष जय मंगल राजवाड़े ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर ग्रामीणों को राशन वितरण नहीं किया गया तो पार्टी उग्र आंदोलन करेगी। उन्होंने प्रशासन से मामले की सूक्ष्म जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने और ग्रामीणों को तत्काल राशन वितरण कराने की मांग की।


अन्य पोस्ट