सरगुजा
सप्ताह में दो दिन उड़ेगी एलायंस एयर की फ्लाइट
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 20 फरवरी। अंबिकापुर से दिल्ली के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित हवाई सेवा मार्च के अंतिम सप्ताह से शुरू होने जा रही है। एलायंस एयर मां महामाया एयरपोर्ट से सप्ताह में दो दिन सोमवार और बुधवार को उड़ान संचालित करेगी। यह उड़ान बिलासपुर होते हुए दिल्ली पहुंचेगी।
सूत्रों के अनुसार इस सेवा का किराया 4500 से 6000 रुपये के बीच रहने की संभावना है।
एलायंस एयर 72 सीटर एटीआर विमान से उड़ान संचालित करेगी। वर्तमान में कंपनी बिलासपुर से दिल्ली के बीच सप्ताह में तीन दिन उड़ान भर रही है, जिसमें अब सोमवार को भी एक अतिरिक्त उड़ान जोड़ी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि अंबिकापुर के मां महामाया एयरपोर्ट से दिसंबर 2024 में उड़ान सेवा की शुरुआत हुई थी। उड़ान 4.2 योजना के तहत फ्लाई बिग कंपनी ने रायपुर और बिलासपुर के लिए 19 सीटर विमान सेवा शुरू की थी, लेकिन शुरुआती दिनों में अनियमित संचालन के कारण यह सेवा करीब छह माह बाद बंद हो गई थी और पिछले छह महीने से अधिक समय से उड़ान पूरी तरह बंद है।
सांसद ने किया स्वागत, इंडिगो से भी बातचीत
सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने एलायंस एयर की सेवा शुरू होने का स्वागत करते हुए बताया कि इंडिगो एयरलाइंस के साथ भी चर्चा हुई है। मुख्यमंत्री के साथ दो बार बैठक कर अंबिकापुर हवाई कनेक्टिविटी का मुद्दा उठाया गया है। उन्होंने बताया कि इंडिगो रायपुर से अंबिकापुर होते हुए प्रयागराज तक उड़ान शुरू करने की दिशा में प्रयास कर रही है।


