सरगुजा
अंबिकापुर, 20 फरवरी । शहीद भगत सिंह वार्ड में नाली निर्माण कार्य का भूमि पूजन नगर निगम महापौर मंजूषा भगत एवं वार्ड के युवा पार्षद दीपक यादव द्वारा वार्डवासियों की उपस्थिति में नारियल फोडक़र किया गया। इस अवसर पर वार्ड में विकास कार्यों की गति तेज होने का भरोसा दिलाया गया।
महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि वार्ड के ऊर्जावान युवा पार्षद दीपक यादव की सक्रियता से वार्ड में नाली एवं सीसी रोड जैसे विभिन्न विकास कार्य लगातार कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूरे नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों ने गति पकड़ ली है और जल्द ही शहरवासियों को बुनियादी समस्याओं से राहत मिलेगी। भविष्य में भी विकास कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
पार्षद दीपक यादव ने कहा कि नाली निर्माण के साथ-साथ अन्य विकास कार्यों में भी तेजी लाई जाएगी और चुनाव से पहले किए गए सभी वादों को पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि भट्टी रोड सोसायटी के सामने गली में नाली निर्माण कार्य शुरू किया जा रहा है तथा वार्ड में जहां-जहां नालियां जर्जर हो चुकी हैं या जलभराव की समस्या है, उन्हें चरणबद्ध तरीके से दुरुस्त कराया जाएगा। साथ ही खराब सडक़ों के निर्माण कार्य भी शीघ्र प्रारंभ किए जाएंगे।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता राम सिंह, मनोज सिन्हा, अभिमन्यु श्रीवास्तव, गोलू यादव, राजन, निगम के अधिकारी, वरिष्ठ नागरिक एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।


