सरगुजा

नशीली दवाइयों के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार
19-Feb-2026 10:06 PM
नशीली दवाइयों के साथ  तीन आरोपी गिरफ्तार

सरगुजा में आबकारी उडऩदस्ता की कार्रवाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 19 फरवरी। सरगुजा संभाग में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को नशीले कैप्सूल के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से कुल 896 नशीले कैप्सूल जब्त किए गए हैं। मामले में नारकोटिक्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर तीनों को जेल भेज दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में संभागीय आबकारी उडऩदस्ता टीम ने 18 फरवरी को कतकालो बाजार, दरिमा में बाइक सवार युवक मुकेश गुप्ता को रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से झोले में रखे 224 नग नशीले कैप्सूल बरामद किए गए।

इसी दिन शाम को मुखबिर की सूचना पर आबकारी अमले ने सूअरपारा, बतौली के पास दो अन्य युवक राहुल तिग्गा एवं नीतेश चौहान को नशीले कैप्सूल की सप्लाई करते हुए पकड़ लिया। इनके पास से 472 नशीले कैप्सूल जब्त किए गए।

सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट की धारा 22(सी) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

उन्होंने बताया कि आरोपियों द्वारा प्रतिबंधित कैप्सूल का अवैध रूप से नशे के लिए विक्रय किया जा रहा था, जो प्रतिबंधित ड्रग की श्रेणी में आता है और इसकी खरीद-बिक्री पूर्णत: प्रतिबंधित है।


अन्य पोस्ट