सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 19 फरवरी। नगर पालिक निगम अंबिकापुर के महापौर कक्ष में बुधवार को संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा उत्तीर्ण कर शहर को गौरवान्वित करने वाले मेधावी छात्र केशव गर्ग को महापौर सम्मान निधि से एक लाख रुपये का चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया। महापौर मंजूषा भगत एवं सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी ने उन्हें चेक सौंपते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
केशव गर्ग, पिता विनोद गर्ग, निवासी चंदगीराम टावर, अग्रसेन वार्ड अंबिकापुर हैं। नगर निगम द्वारा दिए गए इस सम्मान से उनके परिजनों और शहरवासियों में हर्ष का माहौल है।
महापौर मंजूषा भगत ने बताया कि नगर निगम द्वारा घोषित योजना के तहत संघ लोक सेवा आयोग जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त कर नगर और प्रदेश को गौरव दिलाने वाले युवाओं को महापौर सम्मान निधि से एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है, ताकि अन्य युवा भी प्रेरित होकर इस कठिन परीक्षा में सफलता प्राप्त कर सकें।
उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत पूर्व में भी मेधावी छात्रा प्राची जायसवाल (बौरीपारा) तथा छात्र नीरज कुमार गोयल (कुंडला सिटी, खरसिया रोड) को भी एक-एक लाख रुपये की राशि प्रदान कर सम्मानित किया जा चुका है।
इस अवसर पर महापौर परिसर के सदस्य मनीष सिंह, जितेंद्र सोनी,ममता तिवारी,श्वेता गुप्ता,प्रियंका गुप्ता, विपिन पांडेय,शशिकांत जायसवाल,सुशांत घोष,पार्षद मनोज गुप्ता, विकास पांडेय,पपिंदर सिंह,सचिव सरिता गुप्ता सहित निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


