सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 19 फरवरी। भाजपा युवा मोर्चा सरगुजा जिलाध्यक्ष निशांत सिंह (शोलू) ने थाना कोतवाली अंबिकापुर में आवेदन प्रस्तुत कर सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक जानकारी प्रसारित कर सांप्रदायिक वैमनस्यता फैलाने तथा लोक व्यवस्था प्रभावित करने के प्रयास की शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत पत्र में बताया गया है कि 14 से 17 फरवरी के बीच अकील अहमद नामक व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया को लेकर भ्रामक एवं आक्रामक जानकारी प्रसारित की गई, जिससे आमजन में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। जबकि मतदाता सूची का पुनरीक्षण निर्वाचन आयोग की नियमित एवं संवैधानिक प्रक्रिया है।
शिकायत पत्र में यह भी कहा गया है कि अपने सोशल मीडिया अकाउंट एवं अन्य प्लेटफॉर्म के माध्यम से अकील अहमद द्वारा यह प्रचारित किया जा रहा है कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्यक्रम में प्रशासन द्वारा जानबूझकर मुस्लिम समुदाय के व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची से काटने हेतु आपत्तिजनक कार्यवाही की जा रही है।
युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष निशांत सिंह ने आरोप लगाते हुए बताया कि अकील अहमद द्वारा लगातार इस प्रकार की भ्रामक सूचनाएं प्रसारित कर विभिन्न वर्ग सहित हिंदू-मुस्लिम एवं प्रशासन के विरुद्ध दुर्भावना उत्पन्न की जा रही है। मतदाता सूची से संशोधन/पुनरीक्षण एक संवैधानिक प्रक्रिया और पारदर्शी प्रक्रिया है जो चुनाव आयोग के अधीन होती है। इसमें प्रशासन द्वारा किसी भी वर्ग के साथ भेदभाव करने का कोई प्रश्न नहीं उठता।
उन्होंने कहा कि अकील अहमद द्वारा मुस्लिम वर्ग के लोगों को वीडियो बनाकर समाज में असुरक्षा एवं भय का माहौल उत्पन्न किया जा रहा है, जिससे दोनों समुदायों के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका है।
जिलाध्यक्ष निशांत सिंह ने प्रशासन से मांग की है कि उक्त अकील अहमद के विरुद्ध धर्म/समुदाय के आधार पर नफरत फैलाने, सार्वजनिक शांति भंग करने, राष्ट्रीय एकता और अखंडता को क्षति पहुंचाने वाले कृत्य तथा डिजिटल माध्यम से आपत्तिजनक एवं भ्रामक सूचना प्रसारित करने का अपराध दर्ज करते हुए उसके डिजिटल उपकरणों की जब्ती कर कड़ी जांच की जाए, जिससे भविष्य में इस प्रकार का सांप्रदायिक उन्माद न फैल सके।
कोतवाली में शिकायत दर्ज कराने वालों में वीर सोनी , अनुराग शुक्ला , रवजोत सिंह , ऋषभ अम्बष्ठ, सुधांशु चौबे, आयुष दूबे, अविनाश मंडल, रोशन मंडल, ओम सिंह, अतीश पांडेय , शैलेंद्र चौहान, सोनू सहित युवा मोर्चा के कार्यकर्ता पदाधिकारी उपस्थित थे ।


