सरगुजा
आधा माह बीतने के बाद भी कई सोसाइटी में ताले, हजारों कार्डधारी राशन से वंचित-मो. हुसैन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सुकमा, 18 फरवरी। सुकमा जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत राशन वितरण में देरी को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार और खाद्य विभाग पर सवाल उठाए हैं। नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मो. हुसैन ने प्रेस नोट जारी कर आरोप लगाया कि आधा महीना बीत जाने के बावजूद कई उचित मूल्य दुकानों (सोसाइटी) में ताले लगे हैं, जिससे हजारों राशन कार्डधारी राशन से वंचित हैं।
ग्रामीण और शहरी उपभोक्ता परेशान
मो. हुसैन ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर शहरी इलाकों तक लोगों को राशन के लिए सोसाइटी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। उनका आरोप है कि खाद्य विभाग की लापरवाही के कारण समय पर राशन उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि केवाईसी और ऑनलाइन प्रक्रियाओं के नाम पर पिछले कुछ महीनों में भी कई हितग्राहियों को राशन नहीं मिल पाया, जिससे गरीब परिवारों को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
घेराव की चेतावनी
कांग्रेस नेता ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो पार्टी सुकमा जिला मुख्यालय में खाद्य विभाग का घेराव करेगी। उन्होंने कहा कि भोजन की गारंटी से जुड़े अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस आंदोलन करेगी।
प्रशासन की प्रतिक्रिया का इंतजार
इस संबंध में खाद्य विभाग या जिला प्रशासन की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी। जनहित से जुड़े इस मुद्दे पर उपभोक्ताओं को समय पर राशन उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन से त्वरित समाधान की अपेक्षा की जा रही है।


