सरगुजा

शिक्षा के साथ संस्कार की मिसाल: माउंट लिट्रा ज़ी स्कूल में मातृ-पितृ पूजन कार्यक्रम आयोजित
16-Feb-2026 9:46 PM
शिक्षा के साथ संस्कार की मिसाल: माउंट लिट्रा ज़ी स्कूल में मातृ-पितृ पूजन कार्यक्रम आयोजित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 16 फरवरी। माउंट लिट्रा ज़ी स्कूल, संजय नगर सूरजपुर में मातृ-पितृ दिवस का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में योग वेदांत सेवा समिति, अंबिकापुर के कार्यकर्ता विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के निदेशक एवं प्रधानाचार्या द्वारा की गई।

इस अवसर पर विद्यालय परिवार द्वारा सभी अभिभावकों एवं अतिथियों का सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में माता-पिता के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और संस्कारों की भावना विकसित करना था।

भारतीय संस्कृति में माता-पिता को ईश्वर तुल्य माना गया है, इसी परंपरा को सशक्त करने के उद्देश्य से विद्यालय में विशेष मातृ-पितृ पूजन का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने अपने माता-पिता का विधिवत पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। यह दृश्य अत्यंत भावुक और प्रेरणादायक रहा, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिनके माध्यम से आधुनिक युग में भी पारिवारिक मूल्यों और संस्कृति को बनाए रखने का संदेश दिया गया। विद्यालय प्रबंधन ने  ‘शिक्षा के साथ संस्कार ’ के संकल्प को दोहराते हुए विद्यार्थियों को माता-पिता का सम्मान जीवन में सर्वोपरि रखने की प्रेरणा दी।विद्यालय प्रशासन ने भविष्य में भी इस प्रकार के संस्कारमूलक कार्यक्रमों के आयोजन की बात कही।


अन्य पोस्ट