सरगुजा
लखनपुर,14 फरवरी। सरगुजा जिले के लखनपुर तहसील क्षेत्र में गौ पालन एवं गौशाला संचालन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन छत्तीसगढ़ गौसेवा आयोग सरगुजा के जिला सदस्य यतेन्द्र पाण्डेय के निवास पर किया गया। बैठक में क्षेत्र में अधिक सुझाव एवं कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए गौसेवा आयोग सरगुजा के जिला सदस्य यतेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रदेश भर में गौशाला एवं गौधान का संचालन किया जा रहा है, जिससे गौवंश संरक्षण के साथ ग्रामीणों को रोजगार के अवसर भी मिल रहे हैं। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपने-अपने क्षेत्रों में गौशाला संचालन हेतु आगे आने का आह्वान किया।
गौसेवा आयोग लखनपुर के अध्यक्ष मदन राजवाड़े ने गौपालन को ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए अधिक से अधिक गौ पालन करने पर जोर दिया। बैठक में गौसेवा आयोग लखनपुर के सदस्य मनमोहन राजवाड़े, सुरेश गुप्ता, भोला यादव, राहुल सिंह, ऋषभ पटेल, सत्यनारायण साहू सहित छत्तीसगढ़ शबरी सेवा संस्थान के सचिव सुरेन्द्र साहू उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिला पशु चिकित्सक बी.डी. साहू ने गौपालन एवं गौशाला निर्माण से संबंधित तकनीकी जानकारी प्रदान की।
उन्होंने गौशाला संचालन के लिए आवश्यक दस्तावेजों की विस्तृत जानकारी देते हुए जिले में अधिक से अधिक गौशाला स्थापित करने पर जोर दिया, ताकि आवारा पशुओं पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शबरी सेवा संस्थान के सचिव सुरेन्द्र साहू ने मुख्य सडक़ों पर घूमने वाले आवारा पशुओं के गले में रेडियम पट्टा लगाने का सुझाव दिया, जिससे सडक़ दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
बैठक के अंत में लखनपुर क्षेत्र में निर्माणाधीन गौठानों का निरीक्षण करने का निर्णय भी लिया गया।


