सरगुजा

प्रतिबंधित क्षेत्र से कोयला चोरी का भंडाफोड़, 21 आरोपी गिरफ्तार
12-Feb-2026 10:00 PM
प्रतिबंधित क्षेत्र से कोयला चोरी का भंडाफोड़, 21 आरोपी गिरफ्तार

1.5 टन कोयला, 13 साइकिल और 19 बाइकें जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 12 फरवरी। जिला सरगुजा के लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अमेरा ओपन कोयला खदान में प्रतिबंधित क्षेत्र से संगठित तरीके से कोयला चोरी करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.5 टन कोयला, 13 साइकिल, 19 मोटरसाइकिल सहित कुल लगभग 6 लाख रुपये मूल्य का मशरुका जब्त किया है।

डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में थाना लखनपुर पुलिस टीम ने यह सख्त कार्रवाई की। पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्रामीण बड़ी संख्या में प्रतिबंधित खदान क्षेत्र में घुसकर संगठित रूप से कोयला चोरी एवं तस्करी कर रहे हैं। साथ ही खदान सुरक्षा कर्मियों द्वारा रोक-टोक किए जाने पर तस्करों के समर्थन में ग्रामीणों द्वारा गाली-गलौज और मारपीट की शिकायत भी प्राप्त हुई थी।

सूचना पर कार्रवाई करते हुए थाना लखनपुर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कोयला चोरी कर रहे आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने संगठित रूप से कोयला चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध थाना लखनपुर में धारा 329(3), 303(2), 112(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

पुलिस ने खदान के आसपास नदी मुहानों पर अवैध कोयला उत्खनन के लिए खोदे गए गड्ढों को जेसीबी मशीन से भरवाकर समतल कराया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध खनन और आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


अन्य पोस्ट