सरगुजा

दोपहिया चोरी का आरोपी गिरफ्तार, बाइक बरामद
12-Feb-2026 9:58 PM
दोपहिया चोरी का आरोपी गिरफ्तार, बाइक बरामद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 12 फरवरी। सरगुजा जिले के थाना मणीपुर पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी के एक मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की मोटरसाइकिल बरामद करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 50 हजार रुपये की पल्सर मोटरसाइकिल जप्त की है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी विशाल कश्यप, निवासी गंगापुर नालापारा थाना गांधीनगर, जो जीवन ज्योति हॉस्पिटल में बिलिंग का कार्य करता है, ने थाना मणीपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 4 जनवरी 2026 को वह अपनी पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी-15-डीके-8921 से ड्यूटी पर गया था और अस्पताल की पार्किंग में वाहन खड़ा कर अंदर काम करने चला गया था। शाम लगभग 8 बजे ड्यूटी समाप्त होने पर लौटकर देखा तो उसकी मोटरसाइकिल वहां नहीं थी। काफी तलाश करने के बाद भी वाहन का पता नहीं चलने पर उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना मणीपुर में धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि हर्राटिकरा निवासी एक युवक चोरी की मोटरसाइकिल लेकर घूम रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा।

 पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अता उर्फ रामेश्वर दास निवासी हर्राटिकरा थाना जयनगर जिला सूरजपुर बताया और वाहन चोरी की घटना स्वीकार की।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद कर जप्त कर लिया है। पर्याप्त सबूत मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। पुलिस ने बताया कि जिले में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


अन्य पोस्ट