सरगुजा
कोरबा के जंगल मार्ग में लावारिस मिली गाड़ी, पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी फुटेज
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 11 फरवरी। सरगुजा जिले के दरिमा थाना क्षेत्र के बरगईं के पास मंगलवार रात एक स्कॉर्पियो चालक पर हमला कर वाहन लूटने का मामला सामने आया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 10 फरवरी को चार युवक अंबिकापुर के पुराना बस स्टैंड पहुंचे और मैनपाट घूमने के लिए वाहन की बुकिंग कराई। पंचर दुकान संचालक के माध्यम से भ_ी रोड निवासी अंकित सिन्हा से संपर्क किया गया। अंकित सिन्हा स्कॉर्पियो क्रमांक सीजी 16 सीजे 5333 से युवकों को मैनपाट के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर लेकर गया।
शाम को अंबिकापुर लौटते समय मैनपाट-दरिमा मार्ग पर बरगईं के पास युवकों ने वाहन रुकवाया। चालक अंकित सिन्हा की रिपोर्ट के अनुसार, वाहन रुकते ही पीछे बैठे एक युवक ने बेल्ट से उसका गला दबाने का प्रयास किया। वह किसी तरह खुद को छुड़ाकर वाहन से उतरकर सडक़ किनारे छिप गया। आरोप है कि युवक उसका मोबाइल बाहर फेंककर स्कॉर्पियो लेकर फरार हो गए।
घटना के बाद अंकित सिन्हा दरिमा थाना पहुंचा, जहां रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(3) सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध किया है।
पुलिस के अनुसार सूचना मिलते ही जिले तथा आसपास के क्षेत्रों में अलर्ट जारी किया गया। बाद में वाहन कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र के जंगल मार्ग में लावारिस हालत में मिला, जिसे बरामद कर लिया गया है।
आरोपियों की पहचान के लिए अंबिकापुर क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और टीम उनकी तलाश में जुटी है। पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।


