सरगुजा

पीजी कॉलेज में सुरक्षा, रिजल्ट और अवैध शुल्क को लेकर प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन
11-Feb-2026 11:00 PM
पीजी कॉलेज में सुरक्षा, रिजल्ट और अवैध शुल्क को लेकर प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,11 फरवरी। राजीव गांधी स्नातकोत्तर  महाविद्यालय में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर आजाद सेवा संघ ने मोर्चा खोल दिया है। संघ के प्रदेश सचिव रचित मिश्रा के नेतृत्व में दर्जनों छात्रों ने कॉलेज पहुंचकर प्राचार्य को 5 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा और प्रशासन को तीन दिन के भीतर सुधार करने का अल्टीमेटम दिया।

संघ ने कॉलेज परिसर में बढ़ते बाहरी तत्वों के प्रवेश, परीक्षा परिणाम में देरी और छात्रों से अतिरिक्त शुल्क वसूली को लेकर गंभीर चिंता जताई।

ज्ञापन सौंपते हुए रचित मिश्रा ने कहा कि कॉलेज परिसर में ड्रेस कोड और पहचान पत्र की अनिवार्यता न होने से बाहरी असामाजिक तत्वों का प्रवेश बढ़ गया है, जिससे छात्र-छात्राएं असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। संघ ने गेट पर सख्त जांच और आगंतुकों का रजिस्टर संधारण अनिवार्य करने की मांग की।

संघ ने बताया कि 5वें सेमेस्टर की परीक्षा परिणाम अब तक घोषित नहीं हुए हैं, जिससे छात्रों का शैक्षणिक भविष्य प्रभावित हो रहा है। कई छात्र पीजी में प्रवेश से वंचित हो रहे हैं। संघ ने चेतावनी दी कि तीन दिन के भीतर परिणाम जारी नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।

पोर्टल शुल्क और आईडी कार्ड में लापरवाही का आरोप

छात्रों ने कॉलेज पोर्टल पर फॉर्म भरने के नाम पर लिए जा रहे 5 अतिरिक्त शुल्क को अवैध वसूली बताया। साथ ही, आईडी कार्ड शुल्क जमा करने के बावजूद कार्ड नहीं मिलने पर प्रशासनिक लापरवाही का आरोप लगाया गया।

समाधान नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन और तालाबंदी

प्रदेश सचिव रचित मिश्रा ने कहा कि यदि प्रशासन ने शीघ्र मांगें पूरी नहीं कीं, तो आजाद सेवा संघ कॉलेज परिसर में उग्र आंदोलन और तालाबंदी करेगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि छात्र हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।


अन्य पोस्ट