सरगुजा

पुलिस लाईन मैदान बचाने की मांग, विभागीय आवासीय भवन के लिए वैकल्पिक स्थान चयन का निवेदन
10-Feb-2026 11:09 PM
पुलिस लाईन मैदान बचाने की मांग, विभागीय आवासीय भवन के लिए वैकल्पिक स्थान चयन का निवेदन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 10 फरवरी। पुलिस लाईन मैदान में प्रस्तावित विभागीय आवासीय भवन के भूमिपूजन के बाद क्षेत्रवासियों में चिंता व्याप्त है। मैदान के स्वरूप को यथावत रखने तथा आवासीय भवन के लिए अन्य स्थान चयन की मांग को लेकर स्थानीय नागरिकों ने सरगुजा संभाग के आईजी दीपक कुमार झा को आवेदन सौंपा।

उल्लेखनीय है कि पुलिस लाईन मैदान लंबे समय से शहर में खेल, सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है। वर्षभर यहां विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन होता रहता है। शहर के उत्तरी क्षेत्र के लगभग 10 वार्डों के निवासियों के लिए यह मैदान दैनिक क्रीड़ा और शारीरिक अभ्यास के लिए एकमात्र खुला स्थान है।

पूर्व में मैदान के एक हिस्से में को-ऑर्डिनेशन सेंटर के निर्माण से मैदान का आकार पहले ही प्रभावित हो चुका है। ऐसे में नए आवासीय भवन के निर्माण से मैदान का अस्तित्व लगभग समाप्त हो जाने की आशंका जताई जा रही है। इसी को लेकर स्थानीय युवा और खेलप्रेमी कांग्रेस खेल प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष रजनीश सिंह के नेतृत्व में सोमवार को आईजी से मुलाकात कर मैदान को संरक्षित रखने की गुहार लगाई। साथ ही विभागीय आवासीय भवन के लिए वैकल्पिक स्थान का सुझाव भी दिया गया।

रजनीश सिंह ने बताया कि आईजी दीपक कुमार झा ने आवेदन पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए तत्काल एक जांच दल को मौके पर निरीक्षण के लिए भेजा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि विभागीय आवासीय भवन के लिए वैकल्पिक स्थान का चयन किया जाएगा।

इस दौरान पिंकू पांडेय, प्रकाश शर्मा, रोहित तिवारी, रजत दुबे, अभिषेक तिवारी, अंशु सिंह, सौरभ मिश्रा, शसक्त सिंह, आशीष सिंह, दुर्गेश सिंह, आशीष श्रीवास्तव, रोहन जायसवाल, विक्रांत बादी, श्रेष्ठ मिश्रा, शशांक तिवारी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट