सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 10 फरवरी। केंद्र सरकार की श्रम नीतियों के विरोध में 12 फरवरी को देशव्यापी आम हड़ताल का आह्वान किया गया है। ट्रेड यूनियनों की अखिल भारतीय समितियों तथा संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा घोषित इस हड़ताल को सफल बनाने के लिए अंबिकापुर में भी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
जानकारी के अनुसार 8 फरवरी को अंबिकापुर में विभिन्न ट्रेड यूनियनों एवं किसान सभा के पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि 12 फरवरी (गुरुवार) को एसबीआई कलेक्टरेट ब्रांच अंबिकापुर के सामने सुबह लगभग 11 बजे से शाम 3 बजे तक धरना एवं सभा आयोजित की जाएगी, इसके बाद रैली निकाली जाएगी।
रैली एसबीआई कलेक्टरेट ब्रांच से देवीगंज मार्ग, संगम चौक, महामाया चौक, रायगढ़ चौक, पुराना बस स्टैंड माया लॉज, ब्रह्म रोड संगम चौक होते हुए पुन: देवीगंज रोड से एसबीआई कार्यालय कलेक्टरेट ब्रांच के समक्ष पहुंचेगी, जहां धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा। इस दौरान महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन कलेक्टर सरगुजा के माध्यम से सौंपा जाएगा।
ट्रेड यूनियन नेताओं ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा 44 श्रम कानूनों को समाप्त कर चार श्रम संहिता कानून लागू किए गए हैं, कार्य समय 8 घंटे से बढ़ाकर 12 घंटे करने का प्रस्ताव, मजदूर वर्ग के अधिकारों में कटौती तथा किसान एवं आमजन विरोधी नीतियों के विरोध में यह आम हड़ताल आयोजित की जा रही है।
कार्यक्रम संयोजक घुनाथ प्रधान ने समस्त मजदूर संगठनों, किसान संगठनों एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आम हड़ताल को सफल बनाने की अपील की है।


