सरगुजा

राजमाता स्व. देवेंद्र कुमारी सिंहदेव की छठवीं पुण्यतिथि, कांग्रेसजनों ने दी श्रद्धांजलि
10-Feb-2026 11:07 PM
राजमाता स्व. देवेंद्र कुमारी सिंहदेव की छठवीं पुण्यतिथि, कांग्रेसजनों ने दी श्रद्धांजलि

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,10 फरवरी। सरगुजा रियासत की राजमाता स्व. देवेंद्र कुमारी सिंहदेव की छठवीं पुण्यतिथि पर जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय राजीव भवन में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उनके ज्येष्ठ पुत्र पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं सरगुजा रियासत के महाराज टी.एस. सिंहदेव भी उपस्थित रहे।

श्रद्धांजलि सभा में पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने उनके राजनीतिक योगदान को याद करते हुए कहा कि संगठन विस्तार के दौरान जिन युवाओं को उन्होंने राजनीति में आगे बढ़ाया, वे आज सरगुजा में कांग्रेस के अग्रणी नेता हैं।

राजीव भवन में श्रद्धांजलि के बाद प्रतीक्षा बस स्टैंड चौक स्थित स्व. एम.एस. सिंहदेव एवं स्व. देवेंद्र कुमारी सिंहदेव की युगल प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसके पश्चात मां महामाया मंदिर में आयोजित भंडारे में पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने प्रसाद वितरण किया।

इस अवसर पर डॉ. प्रेमसाय सिंह, अजय अग्रवाल, जे.पी. श्रीवास्तव, डॉ. अजय तिर्की, राकेश गुप्ता, हेमंत सिन्हा, मो. इस्लाम, विनय शर्मा, इंद्रजीत सिंह धंजल, सत्येंद्र तिवारी, जगन्नाथ कुशवाहा, मधु दीक्षित, इरफान सिद्दीकी, मुनेश्वर राजवाड़े, दुर्गेश गुप्ता, सीमा सोनी, संजय विश्वकर्मा, ए.पी. सांडिल्य, रसीद अहमद अंसारी, विजेंद्र गुप्ता, लालचंद यादव, लक्ष्मी गुप्ता, अनिल, सुधांशु गुप्ता, फूलसाय लकड़ा, संजय सिंह, शांतनु मुखर्जी, संजीव मंदिलवार, अनूप मेहता, आशीष वर्मा, लोकेश कुमार, गुरुप्रीत सिद्धू, नरेंद्र विश्वकर्मा, जमील खान, जीवन यादव, सोहन जायसवाल, रजनीश सिंह, अमित सिन्हा, अविनाश कुमार, विकास केशरी, अमित वर्मा, मेराज रंगरेज, मिथुन सिंह, परवेज आलम गांधी, केदार यादव, सपना सिन्हा, मंजू सिंह, संगीता मिंज, सावित्री ठाकुर, रश्मी सोनी, सुरेंद्र गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

     ज्ञात हो कि राजमाता स्व. देवेंद्र कुमारी सिंहदेव का निधन वर्ष 2020 में लंबी बीमारी के बाद हुआ था। उनका जन्म हिमाचल प्रदेश के जब्बल राज परिवार में हुआ था। अविभाजित मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव एवं सरगुजा महाराज स्व. एम.एस. सिंहदेव से विवाह के बाद वे सरगुजा आईं और जीवन का अधिकांश समय यहीं बिताया। यहीं से उन्होंने राजनीति की शुरुआत की और कांग्रेस संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

स्व. देवेंद्र कुमारी सिंहदेव एक बार अंबिकापुर तथा एक बार बैकुंठपुर से विधायक रहीं। अविभाजित मध्यप्रदेश में वे प्रकाशचंद्र सेठी एवं अर्जुन सिंह मंत्रिमंडल में मंत्री रहीं और उन्हें आवास, पर्यावरण, मध्यम सिंचाई तथा वित्त विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। अपने पति के शासकीय सेवा में होने के कारण उन्होंने सरगुजा जिले की राजनीतिक और सामाजिक जिम्मेदारियों को सक्रिय रूप से संभाला और 70-80 के दशक में सरगुजा जिले के हर क्षेत्र का दौरा कर कांग्रेस संगठन की मजबूत नींव रखी।


अन्य पोस्ट