सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 6 फरवरी। सरगुजा अंचल के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मैनपाट महोत्सव के आयोजन हेतु साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) की ओर से 20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। यह राशि एसईसीएल बिश्रामपुर क्षेत्र के महाप्रबंधक डॉ. संजय कुमार सिंह द्वारा चेक के माध्यम से सरगुजा जिले के जि़लाधिकारी अजीत बसंत को सौंपी गई।
इस अवसर पर महाप्रबंधक डॉ. संजय कुमार सिंह ने कहा कि एसईसीएल अपने कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। मैनपाट महोत्सव न केवल आदिवासी संस्कृति, लोककला और परंपराओं को मंच प्रदान करता है, बल्कि इससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलता है, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होते हैं।
उन्होंने बताया कि मैनपाट महोत्सव के माध्यम से सरगुजा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोकनृत्य, लोकसंगीत, हस्तशिल्प एवं स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलती है।इस दौरान महाप्रबंधक के साथ एसईसीएल के क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी अमरेंद्र नारायण उपस्थित थे।


