सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 3 फरवरी। शहर के नमनाकला रिंगरोड पर सोमवार शाम एक सडक़ हादसे में बाइक सवार व्यापारी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ, जब व्यापारी सडक़ पार कर रहे थे। दुर्घटना की पूरी घटना पास की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। यह मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार रिंगरोड नमनाकला निवासी व्यवसायी प्रह्लाद सोनी (50) शाम के समय अपनी बाइक में कुछ सामान लोड कर घर से निकले थे। वे रिंगरोड पार कर बस स्टैंड की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि उनके घर से महज 30 मीटर की दूरी पर यह हादसा हुआ। जैसे ही उन्होंने डिवाइडर पार किया, गांधी चौक की ओर से बस स्टैंड जा रहे तेज रफ्तार ट्रक से उनकी बाइक की टक्कर हो गई।
टक्कर के बाद व्यापारी सडक़ पर गिर पड़े और दुर्भाग्यवश उनका सिर ट्रक के पहियों के नीचे आ गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। कुछ देर तक सडक़ पर वाहनों की आवाजाही बाधित रही, जिससे जाम की स्थिति बन गई।
सूचना मिलने पर गांधीनगर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया और यातायात को सुचारू कराया। सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट दिख रहा है कि व्यापारी ने सडक़ पार करने से पहले एक ट्रेलर को गुजरने दिया था, लेकिन दूसरी ओर से आ रहे ट्रक से टकरा गए।
गौरतलब है कि अंबिकापुर की रिंगरोड पर भारी वाहनों की आवाजाही के चलते लगातार हादसे हो रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों में रोष और चिंता बढ़ती जा रही है।


