सरगुजा

गुम बच्ची को सरगुजा पुलिस ने चंद घंटों में घर से ही खोज निकाला
03-Feb-2026 10:16 PM
गुम बच्ची को सरगुजा पुलिस ने चंद घंटों में घर से ही खोज निकाला

अंबिकापुर,3 फरवरी। थाना मणीपुर क्षेत्र अंतर्गत 6 वर्षीय नाबालिग बालिका के गुम होने की सूचना से क्षेत्र में हडक़ंप मच गया। परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए थाना मणीपुर में गुम इंसान की शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल ने स्वयं पूरे प्रकरण की मॉनिटरिंग की और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  अमोलक सिंह ढिल्लों एवं नगर पुलिस अधीक्षक  राहुल बंसल के नेतृत्व में थाना मणीपुर व साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तुरंत तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने आसपास के इलाकों, रिश्तेदारों के घर, स्कूल परिसर एवं अन्य संभावित स्थानों पर खोजबीन की। इसी दौरान नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में टीम ने प्रार्थी के घर का भी सूक्ष्म निरीक्षण किया।

तलाशी के दौरान मकान की तीसरी मंजिल में सीढ़ी के नीचे कपड़ों के ढेर में बच्ची छिपी मिली। पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि वह परिजनों की डांट से बचने के लिए घर में ही छिप गई थी। बच्ची के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और सरगुजा पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी मणीपुर उप निरीक्षक सी.पी. तिवारी सहित पुलिस स्टाफ की अहम भूमिका रही।


अन्य पोस्ट