सरगुजा

के. आर. टेक्निकल कॉलेज में तीन दिनी खेल उत्सव का समापन
31-Jan-2026 10:48 PM
के. आर. टेक्निकल कॉलेज में तीन दिनी खेल उत्सव का समापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,31 जनवरी। संजय नगर स्थित के. आर. टेक्निकल कॉलेज में आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ एवं क्रीड़ा क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय खेल उत्सव-2026 का आज हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सफल समापन हुआ। इस खेल उत्सव में महाविद्यालय के अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को चार समूहों समर्थ, सार्थक, संकल्प एवं सम्पूर्ण में विभाजित कर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

खेल उत्सव के प्रथम दिवस में सौ मीटर एवं दो सौ मीटर दौड़, गोला फेंक तथा रस्साकशी प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। द्वितीय दिवस वॉलीबॉल एवं खो-खो जैसे सामूहिक खेलों को समर्पित रहा, वहीं तृतीय दिवस शतरंज, कैरम एवं एकल साइकिल दौड़ की प्रतियोगिताओं के साथ सम्पन्न हुआ। तीन दिनों तक चले इस खेल महोत्सव में खिलाडिय़ों ने अनुशासन, उत्साह एवं खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

सभी प्रतियोगिताओं में किए गए समग्र प्रदर्शन के आधार पर सार्थक समूह ने सर्वाधिक अंक अर्जित करते हुए खेल उत्सव-2026 की विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। समापन समारोह के अवसर पर विजेता एवं प्रतिभागी खिलाडिय़ों को राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षक राजेश प्रताप सिंह, शासी निकाय के उपाध्यक्ष राहुल जैन, भारतीय जनता युवा मोर्चा के नेता निशांत सिंह गोल्डी, महाविद्यालय की डायरेक्टर डॉ. रीनू जैन एवं प्राचार्य डॉ. रितेश वर्मा द्वारा पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. रितेश वर्मा ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम हैं। इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में शारीरिक क्षमता के साथ-साथ अनुशासन, नेतृत्व एवं सामूहिक भावना का विकास करते हैं। महाविद्यालय भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को निरंतर प्रोत्साहित करता रहेगा।

राष्ट्रीय प्रशिक्षक राजेश प्रताप सिंह ने खेल उत्सव की सराहना करते हुए कहा कि महाविद्यालय स्तर पर इस प्रकार के सुव्यवस्थित आयोजन खिलाडिय़ों को आगे चलकर राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचने की मजबूत नींव प्रदान करते हैं। यहाँ खिलाडिय़ों में प्रतिभा एवं प्रतिस्पर्धा की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

शासी निकाय के उपाध्यक्ष राहुल जैन ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि जीवन में अनुशासन, धैर्य और सकारात्मक सोच का आधार होते हैं। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए मानसिक रूप से सशक्त बनते हैं। उन्होंने महाविद्यालय द्वारा आयोजित इस खेल उत्सव को अत्यंत सराहनीय पहल बताया।

आयोजन के सफल संचालन में महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी रजत सिंह, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी विनितेश गुप्ता तथा सहायक प्राध्यापक घनश्याम मैत्री का विशेष योगदान रहा। साथ ही सभी समूह प्रमुखों, समिति सदस्यों एवं महाविद्यालय के समस्त सहायक अध्यापकों की सक्रिय सहभागिता से यह खेल उत्सव सफलतापूर्वक सम्पन्न हो सका।

तीन दिवसीय खेल उत्सव-2026 ने महाविद्यालय परिसर को खेल, उत्साह एवं एकता के रंगों से सराबोर कर दिया तथा विद्यार्थियों में खेल के प्रति नई ऊर्जा एवं प्रेरणा का संचार किया।


अन्य पोस्ट