सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 31 जनवरी। अणुव्रत क्रिएटिविटी विश्व भारती कार्यक्रम के कैलेंडर का विमोचन अम्बिकापुर में गरिमामय समारोह के बीच किया गया। कार्यक्रम में नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, अपर कलेक्टर अमृतलाल धुर्वे, जिला परियोजना अधिकारी (साक्षरता) गिरीश गुप्ता, निदेशक जन शिक्षण संस्थान एम. सिद्दीकी, सरगुजा साइंस ग्रुप के अंचल ओझा तथा अणुव्रत सोसायटी की राज्य प्रभारी ममोल कोचेटा सहित अणुव्रत सोसायटी सरगुजा इकाई के पदाधिकारियों की उपस्थिति में कैलेंडर का विमोचन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी ने कहा कि स्कूलों में छोटे-छोटे प्रयोगों के माध्यम से मानवता, संस्कार एवं संस्कृति के प्रति जागरूकता लाना और प्रतियोगिताओं के जरिए लोगों को जोडऩा समाज में सकारात्मक और क्रांतिकारी परिवर्तन की दिशा में बड़ा प्रयास है। इसके लिए उन्होंने अणुव्रत समिति को बधाई दी।
अपर कलेक्टर अमृतलाल धुर्वे ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, प्लास्टिक मुक्त भारत और भारतीय संस्कृति को लेकर स्कूलों में किया जा रहा कार्य एक सशक्त संदेश देता है। बच्चों के माध्यम से किया गया यह प्रयास समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करेगा।
जिला परियोजना अधिकारी गिरीश गुप्ता ने कहा कि अणुव्रत के माध्यम से छोटे-छोटे प्रयासों द्वारा स्वयं में परिवर्तन लाने की प्रेरणा मिलती है।
निदेशक जन शिक्षण संस्थान एम. सिद्दीकी ने अणुव्रत आंदोलन को समाज के लिए सकारात्मक बताते हुए कहा कि इसके तहत ली गई शपथों ने उनके जीवन में भी बदलाव लाने का प्रयास किया है।
अणुव्रत सोसायटी की राज्य प्रभारी ममोल कोचेटा ने बताया कि छत्तीसगढ़ में दो स्कूलों के 10 बच्चों से प्रारंभ हुआ यह आंदोलन आज प्रदेश के हजारों बच्चों तक पहुंच चुका है, जो सभी के सहयोग से संभव हो पाया है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
इस अवसर पर अणुव्रत क्रिएटिविटी सोसायटी के अंतर्गत राष्ट्रीय, राज्य एवं जिला स्तर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली ब्रिलिएंट स्कूल की छात्राएं अनुष्का सिंह एवं यशस्वी सिंह, सरस्वती शिशु मंदिर के छात्र आदित्य साहू तथा सीए बने हर्षित जैन को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन राज्य प्रभारी ममोल कोचेटा ने किया तथा आभार प्रदर्शन अंचल ओझा द्वारा किया गया। समारोह में पार्षद शशिकांत जायसवाल, अणुव्रत समिति अध्यक्ष धनपत महनोत, मंत्री महेन्द्र बोथरा, कोषाध्यक्ष हनुमान डागा, सह सचिव मनोज बोथरा, सरस्वती शिशु मंदिर की प्राचार्य मीरा साहू सहित अणुव्रत समिति के पदाधिकारी, शिक्षकगण, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित थे।