सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 31 जनवरी। सरगुजा संभाग में नशे के सौदागरों के खिलाफ संभागीय आबकारी उडऩदस्ता टीम द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में आबकारी विभाग को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। झारखंड से सरगुजा संभाग में नशीले इंजेक्शन की सप्लाई करने वाले मुख्य सप्लायर को उसके जीजा के साथ बतौली क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से 1200 नग नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई जा रही है।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि 30 जनवरी की शाम उडऩदस्ता टीम गश्त पर बतौली की ओर जा रही थी। इस दौरान बेलकोटा बस स्टॉप पर दो व्यक्ति बोरियों के साथ संदिग्ध अवस्था में नजर आए। टीम द्वारा रोककर पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम अनूप गुप्ता, निवासी गोदरमाना, जिला गढ़वा (झारखंड) एवं विनय गुप्ता, निवासी पाटोली, जिला सरगुजा बताया।
तलाशी लेने पर एक बोरी से 600 नग रेक्सोजेसिक इंजेक्शन तथा दूसरी बोरी से 600 नग एवीआईएल इंजेक्शन बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी अनूप गुप्ता ने स्वीकार किया कि वह झारखंड बॉर्डर क्षेत्र में रहकर पूरे सरगुजा संभाग में नशीले इंजेक्शन की सप्लाई करता था। उसने गढ़वा के रंजीत विश्वकर्मा, मंजूर अंसारी एवं प्रमोद जायसवाल से माल खरीदने की जानकारी भी दी।
दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(सी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। आरोपियों को विशेष न्यायालय, अंबिकापुर में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। उल्लेखनीय है कि जनवरी माह में संभागीय आबकारी उडऩदस्ता टीम की यह पांचवीं बड़ी कार्रवाई है।