सरगुजा

गांधी सुमिरन में पहुंचे कन्हैया कुमार, कहा— लोकतंत्र की रक्षा आज सबसे बड़ी जरूरत
31-Jan-2026 10:44 PM
गांधी सुमिरन में पहुंचे कन्हैया कुमार, कहा— लोकतंत्र की रक्षा आज सबसे बड़ी जरूरत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 31 जनवरी। महात्मा गांधी की पुण्यतिथि  पर अंबिकापुर में आयोजित गांधी सुमिरन कार्यक्रम में कांग्रेस नेता एवं प्रखर वक्ता कन्हैया कुमार शामिल हुए। रेहाना फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम के तहत महामाया चौक से राजमोहनी देवी भवन तक शांति रैली निकाली गई, जिसके पश्चात विचार गोष्ठी का आयोजन हुआ।

रैली गांधी चौक पहुंची, जहां महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद सभी प्रतिभागी राजमोहनी देवी भवन पहुंचे, जहां आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कन्हैया कुमार ने कहा कि आज देश के सामने सबसे बड़ा प्रश्न लोकतंत्र को बचाने का है।

कन्हैया कुमार ने कहा कि महात्मा गांधी द्वारा दिखाया गया सत्य और अहिंसा का मार्ग केवल भारत ही नहीं, बल्कि पूरी मानवता के लिए मार्गदर्शक है। उनके बलिदान दिवस पर हम उसी संकल्प को दोहराने यहां एकत्रित हुए हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि वे यहां राजनीति करने नहीं, बल्कि आम लोगों से संवाद करने आए हैं।

उन्होंने कहा कि देश में लोकतंत्र और जनतंत्र को कमजोर करने वाली ताकतें सक्रिय हैं। हम सभी को मिलकर यह संकल्प लेना होगा कि भारत जनतंत्र बना रहे, गन-तंत्र नहीं। जिस प्रकार गोडसे की विचारधारा, हिंसा और नफरत फैलाने वाली सोच देश में बढ़ रही है, उसे रोकना ही बापू को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से चर्चा करते हुए कन्हैया कुमार ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा किसी एक दल या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि यह सामूहिक जिम्मेदारी है।

देर शाम आयोजित गांधी सुमिरन कार्यक्रम में मुख्य वक्ता कन्हैया कुमार के अलावा एआईसीसी सदस्य आदितेश्वर सिंहदेव, वरिष्ठ कांग्रेस नेता शफी अहमद, जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे।

गांधी पुण्यतिथि पर शराब बिक्री जारी रहने पर कांग्रेस का विरोध

पुण्यतिथि पर शराब बिक्री पर प्रतिबंध नहीं लगाए जाने को लेकर कांग्रेस ने नाराजगी जताई है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता शफी अहमद ने कहा कि हर वर्ष गांधी जयंती और पुण्यतिथि पर शराब की बिक्री पर रोक लगाई जाती रही है, लेकिन इस वर्ष ऐसा कोई आदेश जारी नहीं किया गया।उन्होंने कहा कि न केवल अंबिकापुर बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ में शराब दुकानें खुली रहीं, जो निंदनीय है। यह स्थिति महात्मा गांधी के आदर्शों और विचारों के विपरीत है। कार्यक्रम पश्चात कन्हैया कुमार ने युवा नेता आशीष जायसवाल,राधे गोयल, विकल झा सहित अन्य लोगों से राजनीतिक चर्चा की।


अन्य पोस्ट