सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर,30 जनवरी। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा धान खरीदी की अंतिम तिथि 31 जनवरी निर्धारित किए जाने को लेकर किसानों में भारी नाराजग़ी देखी जा रही है। इसे लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी राजपुर के अध्यक्ष नीरज तिवारी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनुविभागीय अधिकारी राजपुर के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपते हुए धान खरीदी की तिथि बढ़ाने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि शासन की नीतियों एवं अव्यवस्थाओं के चलते बड़ी संख्या में किसान अब तक अपना धान नहीं बेच पाए हैं, जिससे वे आर्थिक संकट और मानसिक तनाव से जूझ रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार ने धान खरीदी की घोषणा तो की, लेकिन उसके अनुरूप पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई, जिसका सीधा नुकसान किसानों को उठाना पड़ रहा है।
कांग्रेस का आरोप है कि कई स्थानों पर पटवारियों द्वारा सत्यापन के दौरान किसानों के घर में रखे धान के बोरे की गिनती में गड़बड़ी की जा रही है, जिससे किसानों का धान कम दर्शाया जा रहा है और एक बार खरीदी के बाद अधिकांश किसान पुन: धान बेचने से वंचित रह जा रहे हैं। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी राजपुर ने किसानों की स्थिति को देखते हुए धान खरीदी की अंतिम तिथि 25 फरवरी तक बढ़ाने की मांग की है, ताकि सभी किसान समर्थन मूल्य पर अपना धान बेच सकें।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र निर्णय नहीं लिया तो किसानों के हित में आंदोलनात्मक कदम उठाए जाएंगे।
इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष राजेंद्र तिवारी, पूर्व विधायक डॉ. प्रीतम राम, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष सुनील सिंह, खोरेन खलखो, लालसाय मिंज, जितेंद्र गुप्ता, राम बिहारी यादव, बृजेश मिश्रा, विद्यानंद दुबे, सुनील भगत, मनोज अग्रवाल, संतोष सोनी, विश्वास गुप्ता, रुपेश यादव, पी.एन. विश्वास, मुमताज अंसारी, संजय यादव, आकाश भारती, संतोष दास, देवबली टेकाम, पंकज ठाकुर, आलोक सिंह, पंकज यादव, संजीव गुप्ता, पंकज जायसवाल, विकास यादव, आदि उपस्थित रहे।


