सरगुजा

बुजुर्ग महिला ने कहा मैं जिंदा हूं..., मृत दर्शाकर लाखों की जमीन हड़पने का आरोप
22-Jan-2026 11:28 PM
बुजुर्ग महिला ने कहा  मैं जिंदा हूं..., मृत दर्शाकर लाखों की जमीन हड़पने का आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 22 जनवरी। सरगुजा जिले के अंबिकापुर तहसील अंतर्गत ग्राम मेंड्रा खुर्द से राजस्व अभिलेखों से जुड़ा एक मामला सामने आया है, जिसमें एक बुजुर्ग महिला को कागजों में मृत दर्शाकर उनकी लाखों की जमीन हड़पने का आरोप लगाया गया है।

पीडि़ता के रूप में सामने आईं सुगामती राजवाड़े ने बताया कि उनके नाम दर्ज लगभग 6 एकड़ भूमि को उनके भतीजे कवलसाय राजवाड़े द्वारा अपने नाम दर्ज करा लिया गया। उनका आरोप है कि इस प्रक्रिया में उन्हें मृत दर्शाया गया और कथित रूप से मृत्यु प्रमाण पत्र के आधार पर राजस्व रिकॉर्ड में परिवर्तन किया गया।

सुगामती राजवाड़े के अनुसार, उन्हें इस कथित नामांतरण की जानकारी तब हुई, जब भूमि से संबंधित दस्तावेजों में उनका नाम हटाकर भतीजे का नाम दर्ज पाया गया। इसके बाद उन्होंने राजस्व न्यायालय में आपत्ति दर्ज कराई।

पीडि़ता का कहना है कि वे जीवित हैं और न्याय के लिए संबंधित न्यायालय में उपस्थित होकर अपनी बात रख रही हैं। उन्होंने मांग की है कि यह स्पष्ट किया जाए कि मृत्यु प्रमाण पत्र किस आधार पर और किसके द्वारा जारी किया गया तथा पूरे प्रकरण की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

प्रकरण वर्तमान में राजस्व न्यायालय में विचाराधीन है और अगली सुनवाई फरवरी में निर्धारित बताई जा रही है।

स्थानीय लोगों द्वारा भी इस मामले में राजस्व अभिलेखों की प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। हालांकि, संबंधित आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायालय के निर्णय के बाद ही हो सकेगी।


अन्य पोस्ट