सरगुजा

ओरसा घाट बस हादसा: भाजपा जिलाध्यक्ष ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायलों का जाना हालचाल
20-Jan-2026 10:36 AM
ओरसा घाट बस हादसा: भाजपा जिलाध्यक्ष ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायलों का जाना हालचाल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,19 जनवरी। छत्तीसगढ़-झारखंड सीमा पर स्थित ओरसा घाट में हुए भीषण बस हादसे के बाद सरगुजा भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया के नेतृत्व में भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल आज अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने हादसे में घायल यात्रियों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा उनके उपचार की जानकारी ली।

इस दौरान श्री सिसोदिया ने अस्पताल में भर्ती घायलों से सीधे संवाद किया और चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं प्रशासनिक अधिकारियों से मिलकर उपचार व्यवस्था व उपलब्ध सुविधाओं पर चर्चा की।

 उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों से कहा कि घायलों के इलाज में किसी भी प्रकार की कमी न रहे तथा गंभीर रूप से घायल मरीजों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में मानवता और संवेदनशीलता सर्वोपरि है तथा प्रत्येक घायल तक हरसंभव सहायता पहुंचाना सामूहिक जिम्मेदारी है।

हादसे में जान गंवाने वाले यात्रियों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि यह दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक है। शोक की इस घड़ी में भाजपा सरगुजा परिवार पूरी मजबूती से पीडि़त परिवारों के साथ खड़ा है और उनके दु:ख में सहभागी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार एवं भाजपा संगठन द्वारा घायलों के समुचित उपचार तथा मृतकों के परिजनों को हरसंभव राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि ओरसा घाट बस हादसे में कई लोगों की असमय मृत्यु हुई है, जबकि करीब 70 यात्री घायल हुए हैं। इनमें से 24 घायलों को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। मृतक सभी बलरामपुर जिले के निवासी बताए गए हैं।

इस अवसर पर जनमेजय मिश्रा, संतोष दास, कमलेश तिवारी, गोल्डी बिहाड़े, अभय साहू, निशांत सिंह शोलू, रवजोत रमन सिंह सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट