सरगुजा

गोधनपुर हनुमान मंदिर में श्री शतचण्डी महायज्ञ का शुभारंभ, निकली कलश यात्रा
20-Jan-2026 10:35 AM
गोधनपुर हनुमान मंदिर में श्री शतचण्डी महायज्ञ का शुभारंभ, निकली कलश यात्रा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 19 जनवरी। आध्यात्मिक चेतना, लोक कल्याण एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि के उद्देश्य से गोधनपुर स्थित हनुमान मंदिर परिसर में नौ दिवसीय ‘श्री शतचण्डी महायज्ञ’ का विधिवत शुभारंभ किया गया। यह दिव्य आयोजन 19 जनवरी से 27 जनवरी 2026 तक चलेगा। महायज्ञ के प्रथम दिन श्रद्धा और उत्साह के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

महायज्ञ का आयोजन गुरुदेव स्वामी चंद्रपाल ब्रह्मचारी जी के सानिध्य तथा स्वामी तन्मयानन्द जी महाराज (संरक्षक, श्री रामकृष्ण विवेकानंद सेवा आश्रम) के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।

इस वृहद धार्मिक आयोजन को सफल बनाने के लिए श्री शतचण्डी महायज्ञ आयोजन समिति के सदस्य निरंतर सेवाएं दे रहे हैं। समिति के सक्रिय सदस्यों में आचार्य दीपक कृष्ण शास्त्री, सुनील गुप्ता, विमल प्रसाद सिन्हा, नागेंद्र सिंह, अजय तिवारी, कृपा शंकर गुप्ता, चंद्रदेव चक्रधारी, मनोज मिश्रा, नीरज सिंह एवं नीरज गुप्ता प्रमुख रूप से शामिल हैं। समिति सदस्यों ने बताया कि यह महायज्ञ क्षेत्र के लिए एक दुर्लभ एवं पुण्यदायी अवसर है।

प्रतिदिन होंगे धार्मिक अनुष्ठान

महायज्ञ के अंतर्गत प्रतिदिन प्रात: 8 बजे से 12 बजे तक पूजन, संकल्प एवं श्री दुर्गा सप्तशती पाठ किया जाएगा। वहीं दोपहर 2.30 बजे से नवकुण्डीय यज्ञ (हवन) का आयोजन होगा।

27 जनवरी को यज्ञ की पूर्णाहुति संपन्न होगी, जबकि 28 जनवरी (बुधवार) को विशाल भंडारा एवं प्रसाद वितरण किया जाएगा।

श्रद्धालुओं से सहभागिता की अपील

आयोजन समिति एवं प्रखर प्रवक्ता आचार्य दीपक कृष्ण शास्त्री ने क्षेत्र के समस्त नागरिकों, माता-बहनों एवं युवाओं से इस महायज्ञ में सहभागी बनकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।

श्री शतचण्डी महायज्ञ के आयोजन से गोधनपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में धार्मिक उल्लास और आध्यात्मिक ऊर्जा का वातावरण निर्मित हो गया है।


अन्य पोस्ट