सरगुजा

राष्ट्रीय सडक़ सुरक्षा माह शुरु, जागरूकता रथ और बाइक रैली को हरी झंडी
02-Jan-2026 10:46 PM
राष्ट्रीय सडक़ सुरक्षा माह शुरु, जागरूकता रथ और बाइक रैली को हरी झंडी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 2 जनवरी। राष्ट्रीय सडक़ सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत एक माह तक चलने वाले यातायात जागरूकता अभियान का शुभारंभ गुरुवार को घड़ी चौक स्थित यातायात कार्यालय अंबिकापुर में किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर सरगुजा अजीत वसंत और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल ने आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की तथा जागरूकता रथ और मोटरसाइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष यातायात नियमों के पालन से सडक़ दुर्घटनाओं एवं मृतकों की संख्या में कमी दर्ज की गई है। समीक्षा के दौरान दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में बिना हेलमेट वाहन चलाना, तीन सवारियां बैठाना, ओवरस्पीड, शराब पीकर वाहन चलाना और गलत तरीके से ओवरटेक करना सामने आया है। इस वर्ष इन कारणों में रोकथाम के उद्देश्य से सडक़ सुरक्षा माह मनाया जा रहा है।

कार्यक्रम में नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल, सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी विनय सोनी, नवा विहान अभियान के संयोजक मंगल पांडेय सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, नागरिक और मीडिया प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों ने आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन सुनीता दास ने किया।


अन्य पोस्ट