सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 1 जनवरी। नववर्ष 2026 के आगमन पर अंबिकापुर सहित आसपास के क्षेत्रों में धार्मिक स्थलों और पिकनिक स्पॉट्स पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। वर्ष के पहले दिन सुबह से ही आदिशक्ति मां महामाया मंदिर में श्रद्धालुओं का सैलाब लगा रहा। कड़ाके की ठंड के बावजूद मुख्य द्वार से लेकर पूरे परिसर तक भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने मां महामाया के दर्शन कर परिवार की खुशहाली और समृद्धि की कामना की।
इसी तरह समलाया मंदिर, स्कूल रोड स्थित गौरी मंदिर, शंकरघाट का शंकर मंदिर और गांधी चौक दुर्गा शक्ति पीठ में भी सुबह से ही भक्तों की भीड़ जुटी रही। मंदिर परिसरों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस जवानों की तैनाती की गई।
नववर्ष के स्वागत के लिए रातभर शहर के होटलों और रेस्टोरेंट में जश्न का माहौल रहा। मैनपाट के होटलों और नाइट कैंपों में पर्यटक देर रात तक डीजे की धुन पर थिरकते रहे और आतिशबाजी के बीच नए साल का स्वागत किया। नगर के प्रमुख चौक-चौराहों पर भी पुलिस व्यवस्था मजबूत रखी गई।
उधर, नवापारा स्थित महागिरजाघर में भी मध्यरात्रि से विशेष प्रार्थना सभा आयोजित की गई। रात 12 बजे चर्च की घंटियां बजते ही लोगों ने नए वर्ष का स्वागत किया। गुरुवार सुबह भी बड़ी संख्या में लोग प्रार्थना सभा में शामिल हुए और शांति व खुशहाली की कामना की।
नए वर्ष के पहले दिन मैनपाट में सैलानियों का तांता लगा रहा। कई पर्यटकों ने वहीं रात बिताकर नववर्ष का जश्न मनाया। जिले के अन्य पिकनिक स्थलों पर भी लोगों की अच्छी-खासी भीड़ रही। भीड़भाड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी, ताकि लोग शांति और सुरक्षित माहौल में नववर्ष का उत्सव मना सकें।
महामाया मंदिर परिसर में लगी आग, समय रहते काबू,
बड़ी घटना टली
नए वर्ष के अवसर पर मां महामाया मंदिर में भारी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। इसी दौरान मंदिर परिसर में आग लग गई। बताया जा रहा है कि भक्तों की लापरवाही के कारण मन्नत के धागे और चुनरियों में आग भडक़ उठी। हालांकि मंदिर प्रबंधन और मौजूद लोगों की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। मंदिर में पूजा-अर्चना का क्रम जारी रहा। घटना के बाद परिसर में सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर श्रद्धालुओं ने सावधानी बरतने की अपील की है।
लोगों ने खूब जाम छलकाए, रिकॉर्ड 93 लाख से अधिक
की शराब बिकी
नए साल 2026 के स्वागत में सरगुजा जिले में भी लोगों ने खूब जाम छलकाए। सरगुजा जिले में 31 दिसंबर को शराब की बिक्री ने पिछले साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। सरगुजा जिले की 9 शराब दुकानों, जिसमें प्रीमियम दुकान भी शामिल है, 31 दिसंबर 2025 को देसी और विदेशी शराब की कुल बिक्री 93 लाख 30 हजार 800 रुपये की हुई। यह आंकड़ा पिछले साल 2024 के 31 दिसंबर की 68 लाख रुपये की बिक्री से करीब 25 लाख रुपये ज्यादा है। कहीं न कहीं नए साल के जश्न ने शराब की मांग को बढ़ा दिया।
जिले में पिछले साल की तुलना में रिकॉर्ड तोड़ बिक्री हुई है। सबसे ज्यादा बिक्री अंबिकापुर शहर में रही, जहां गांधी चौक के पास स्थित प्रीमियम शराब दुकान ने अकेले 18 लाख 93 हजार रुपये की शराब बेची। यह दुकान जिले में नंबर वन रही।
प्रीमियम दुकान में 1000 रुपये से अधिक कीमत वाली महंगी शराबें उपलब्ध होती हैं, जिसकी वजह से यहां सबसे ज्यादा ग्राहक पहुंचे। सरगुजा जिला शराब बिक्री के मामले में पिछले साल से काफी ज्यादा रहा।


