सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता-
अंबिकापुर, 30 दिसंबर। सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में एक ही समय पर दो सहायक खंड शिक्षा अधिकारी (एबीईओ) पदस्थ होने की स्थिति बनी हुई है। इस कारण कार्यालय स्तर पर प्रशासनिक कार्यों में समन्वय से संबंधित समस्याएं सामने आ रही हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनवरी 2023 में शिक्षक एलबी मनोज तिवारी को प्रभारी सहायक खंड शिक्षा अधिकारी के रूप में लखनपुर में पदस्थ किया गया था। बाद में युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया के तहत उन्हें अपनी मूल पदस्थापना, पूर्व माध्यमिक शाला ढोढाकेसरा, लौटना था। हालांकि, वे वर्तमान में भी लखनपुर में प्रभारी एबीईओ के रूप में कार्यरत हैं।
उधर, लखनपुर में पहले से ही आलोक कुमार सिंह सहायक खंड शिक्षा अधिकारी के पद पर पदस्थ हैं। इस कारण एक ही कार्यालय में दो एबीईओ के कार्य करने की स्थिति बनी हुई है।
संभागीय संयुक्त संचालक शिक्षा संजय गुप्ता ने इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार झा को पत्र लिखकर मनोज तिवारी को हटाने के निर्देश दिए हैं।
इसके जवाब में जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि संबंधित नियुक्ति आदेश संयुक्त संचालक शिक्षा कार्यालय से जारी हुआ था, इसलिए आगे की कार्रवाई भी वहीं से की जानी चाहिए।
इस विषय में विभागीय स्तर पर पत्राचार जारी है।
दो सहायक खंड शिक्षा अधिकारियों की पदस्थापना के कारण ब्लॉक स्तर पर प्रशासनिक कार्यों के संचालन को लेकर कर्मचारियों के बीच असमंजस की स्थिति बताई जा रही है।
फिलहाल इस मामले में जिला प्रशासन की ओर से कोई औपचारिक निर्णय या आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।


