सरगुजा

अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन का तीन दिनी कलमबंद हड़ताल शुरू
29-Dec-2025 8:30 PM
अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन का तीन दिनी कलमबंद हड़ताल शुरू

 सभी विभागों के कर्मियों ने कलेक्टोरेट परिसर में दिया धरना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 29 दिसंबर। सरगुजा जिला के अंबिकापुर में कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रांतीय आह्वान पर जिले के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों ने मंगलवार को कलेक्टोरेट शाखा के सामने स्थित धरना स्थल पर एकजुट होकर प्रदर्शन किया। यह कलमबंद हड़ताल फेडरेशन की 11 सूत्रीय मांगों के समर्थन में आयोजित की जा रही है, जिसमें महंगाई भत्ता बढ़ोतरी, वेतन विसंगति दूर करने, 30 दिन के अवकाश का नगदीकरण, अनुकंपा नियुक्ति में शिथिलीकरण सहित कई महत्वपूर्ण मांगें शामिल हैं, जो लंबे समय से शासन स्तर पर लंबित हैं।

हड़ताल के तहत सभी अधिकारी-कर्मचारियों ने निश्चित अवधि के तीन दिवसीय अवकाश पर रहकर शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया। आंदोलनकारियों का कहना है कि बार-बार प्रतिनिधिमंडल स्तर पर चर्चा के बाद भी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया, जिसके कारण उन्हें आंदोलन का सहारा लेना पड़ा है।

धरना कार्यक्रम में जिला संयोजक कमलेश सोनी, राजपत्रित अधिकारी संघ के डॉ. सी.के. मिश्रा, लिपिक संघ के दुर्गेश सिन्हा, लिपिक वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के अखिलेश सोनी, शिक्षक संघ के संभागीय अध्यक्ष संजय सिंह, पटवारी संघ के अध्यक्ष चौबे, वन अधिकारी कर्मचारी संघ के राजेश बरादे, पशु चिकित्सा सहायक क्षेत्र अधिकारी संघ के अनिल तिवारी, पेंशनर्स संगठन के अध्यक्ष हरिशंकर सिंह, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ के विजय यादव तथा स्वास्थ्य कर्मचारी संगठन के सऊद अंसारी सहित तृतीय वर्ग कर्मचारी अधिकारी संघ के जिला अध्यक्ष नवीन केसरी मौजूद रहे।

नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ, तो आंदोलन आगे भी जारी रह सकता है। कर्मचारियों का कहना है कि उनकी मांगें न्यायोचित हैं और सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए।


अन्य पोस्ट