सरगुजा

तेज रफ्तार कार पलटी, चालक के साथी की मौत, ड्राइवर घायल
29-Dec-2025 8:29 PM
तेज रफ्तार कार पलटी, चालक के साथी की मौत, ड्राइवर घायल

यूनिवर्सिटी की गाड़ी बिना अनुमति लेकर निकला था, जांच समिति गठित होगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 29 दिसंबर। संत गहिरा गुरु यूनिवर्सिटी की शासकीय कार रविवार देर शाम बनारस रोड पर लटोरी चौकी क्षेत्र अंतर्गत बलसेड़ी के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में वाहन सवार रमेश विश्वकर्मा की मौके पर मौत हो गई, जबकि चालक रविंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार इनोवा कार (सीजी 02-5504) का चालक रविंद्र कुमार बिना प्रबंधन को सूचना दिए वाहन लेकर निकला था। शाम को साथी रमेश विश्वकर्मा के साथ अंबिकापुर लौटते समय तेज रफ्तार कार सडक़ से नीचे खेत में उतरकर दो बार पलट गई, जिससे वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने घायल चालक को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार चालक नशे की हालत में था।

यूनिवर्सिटी के कुलसचिव एस.पी. त्रिपाठी ने बताया कि वाहन बिना अनुमति कैंपस से बाहर ले जाया गया था। मामले की जांच के लिए समिति गठित की जाएगी तथा सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक की भी जांच होगी। दोषियों के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की बात कही गई है।

पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया है।


अन्य पोस्ट