सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 29 दिसंबर। कांग्रेस पार्टी के 140वें स्थापना दिवस पर जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा द्वारा राजीव भवन में ध्वजारोहण एवं परिचर्चा कार्यक्रम आयोजित किया गया। वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुरेंद्र गुप्ता ने पार्टी का ध्वज फहराया। कार्यक्रम की शुरुआत में वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुरेंद्र गुप्ता एवं विमलेश सिंह का शॉल-श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया।
परिचर्चा के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को पार्टी के इतिहास और महात्मा गांधी द्वारा दिए गए सत्याग्रह के सिद्धांतों की जानकारी देते हुए कहा कि मौजूदा समय में देश में गरीब, किसान, नौजवान, महिला, दलित और आदिवासी वर्ग पर बढ़ते दबाव के कारण कांग्रेस के समक्ष फिर से सत्याग्रह का मार्ग अपनाने की स्थिति निर्मित हो गई है।
वरिष्ठ नेता सुरेंद्र गुप्ता ने कहा कि कठिन परिस्थितियों में ही कांग्रेस मजबूत होकर उभरती है और देश को सही दिशा देती है। वहीं वरिष्ठ नेता विमलेश सिंह ने कांग्रेस की विचारधारा को चिरस्थायी बताते हुए कहा कि कोई भी फासीवादी सोच उसे खत्म नहीं कर सकती।
पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि देश में फासीवादी ताकतें अंग्रेजी हुकूमत जैसी परिस्थितियां पैदा कर रही हैं, जिनका कांग्रेस मजबूती से मुकाबला करेगी। नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने भाजपा पर समाज को बांटने और संसाधनों को उद्योगपतियों को सौंपने का आरोप लगाया। प्रदेश महामंत्री द्वितेंद्र मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस सदैव शोषण के विरुद्ध खड़ी रही है और आज भी देश को जोड़े रखने की सबसे मजबूत ताकत है। पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता ने युवा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस ही वह विचारधारा है जो विविधता में एकता बनाए रख सकती है। परिचर्चा को ए.पी. सांडिल्य, लक्ष्मी गुप्ता एवं आतिश शुक्ला ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन सेवादल अध्यक्ष लोकेश कुमार ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


