सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,24 दिसंबर। घुटरापारा स्थित जनकल्याण खाद्य सुरक्षा पोषण एवं उपभोक्ता सेवा सहकारी समिति के माध्यम से संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकानों में 65 लाख के खाद्यान्न गबन प्रकरण में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इससे पहले तीन आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।
मामले में प्रार्थी शिव कुमार मिश्रा, सहायक कार्यालय कलेक्टर खाद्य शाखा अंबिकापुर द्वारा 7 अक्टूबर को थाना कोतवाली अंबिकापुर में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के अनुसार, सहायक खाद्य अधिकारी के साथ संयुक्त जांच के दौरान तीन उचित मूल्य दुकानों—क्रमांक 391001071, 391001029 एवं 391001054—में सितंबर 2022 से 31 मार्च 2024 के बीच भारी गड़बड़ी पाई गई।
जांच में चावल के 1631.29 क्विंटल (मूल्य ?61,62,267.96), शक्कर के 10.43 क्विंटल (मूल्य ?49,160.62) तथा चना के 48.34 क्विंटल (मूल्य ?2,92,692.09) की कमी पाई गई। कुल मिलाकर 64,94,120.67 के खाद्यान्न गबन का खुलासा हुआ।
कमी के लिए समिति के अध्यक्ष पवन सिंह, उपाध्यक्ष सुनीता पैकरा, सहायक विक्रेता फरहान सिद्दीकी एवं सैफ अली को जिम्मेदार पाया गया। इस आधार पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 742/2025 धारा 420, 409, 120-बी आईपीसी एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत मामला दर्ज किया गया।
प्रकरण में पहले आरोपी सुनीता पैकरा, मुकेश यादव और फरहान सिद्दीकी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका था, जबकि शेष आरोपी फरार थे।
इसी बीच 23 दिसंबर को पुलिस को सूचना मिली कि पवन सिंह एवं सैफ अली छुपे हुए हैं। जिस पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को घुटरापारा क्षेत्र से हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने गबन की बात स्वीकार की। इसके बाद दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस प्रकरण में आगे की विवेचना जारी रखे हुए है।