सरगुजा
खनन परियोजनाओं के खिलाफ हसदेव बचाओ संघर्ष समिति की बैठक में आंदोलन का ऐलान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 23 दिसंबर। जल, जंगल, जमीन और पर्यावरण की रक्षा तथा खनन एवं औद्योगिक परियोजनाओं के विरोध में आगामी 16 जनवरी को जिला मुख्यालय अम्बिकापुर में विशाल रैली एवं धरना प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। यह निर्णय 22 दिसंबर को भारतेंदु भवन, अम्बिकापुर में हसदेव बचाओ संघर्ष समिति, सरगुजा के बैनर तले आयोजित बैठक में लिया गया। बैठक में कोरबा, सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया, रायगढ़, राजनांदगांव सहित कई जिलों से आंदोलनकारी शामिल हुए।
बैठक में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकारें ग्रामसभाओं के वैधानिक निर्णयों की अनदेखी कर फर्जी ग्रामसभाओं के माध्यम से लोगों को जंगल और जमीन से बेदखल कर रही हैं। आंदोलनकारियों ने कहा कि राज्य सरकार जनता के हितों के बजाय कारपोरेट कंपनियों के पक्ष में कार्य कर रही है, जिससे जल संकट, जंगलों का विनाश और आजीविका पर खतरा बढ़ रहा है।
बैठक को संबोधित करते हुए त्रिभुवन सिंह ने कहा कि यह लड़ाई केवल प्रभावित गांवों की नहीं बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के भविष्य की है। वहीं हसदेव बचाओ संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों ने फर्जी वन स्वीकृति और दमनात्मक कार्रवाई का विरोध किया।
अंत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 16 जनवरी को हजारों की संख्या में लोग अम्बिकापुर में एकजुट होकर रैली व धरना देंगे तथा जंगल कटाई रोकने, ग्रामसभा के निर्णयों का पालन करने और प्रभावितों को उचित मुआवजा व पुनर्वास देने की मांग करेंगे।