सरगुजा

पीसीबी फुटबॉल टूर्नामेंट: साल्ही टीम बनी विजेता
23-Dec-2025 10:08 PM
पीसीबी फुटबॉल टूर्नामेंट:  साल्ही टीम बनी विजेता

फाइनल में मेन्ड्रा को 3-2 से हराया, युवाओं में दिखा खेल का उत्साह

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

उदयपुर-अम्बिकापुर, 23 दिसंबर। आरआरवीयूएनएल की सीएसआर पहल के तहत आयोजित द्वितीय पीसीबी फुटबॉल टूर्नामेंट 2025 का भव्य समापन साल्ही खेल मैदान में संपन्न हुआ।

11 दिनों तक चले इस टूर्नामेंट में 16 टीमों के 240 खिलाडिय़ों ने भाग लेकर खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं में खेल भावना को प्रोत्साहित करना और फुटबॉल के प्रति रुचि बढ़ाना रहा।फाइनल मुकाबला साल्ही और मेन्ड्रा टीम के बीच खेला गया, जिसमें कड़े संघर्ष के बाद साल्ही टीम ने 3-2 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। निर्णायक गोल बालसाई द्वारा किया गया। विजेता टीम साल्ही को 61,000 की नगद राशि एवं पीसीबी ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि उपविजेता मेन्ड्रा टीम को 41,000 नकद पुरस्कार के साथ रनर-अप ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।

फाइनल मैच को देखने के लिए लगभग एक हजार दर्शक मैदान में उपस्थित रहे। घाटबर्रा, परसा, बासेन, शिवनगर, जनार्दनपुर, तारा एवं फतेहपुर सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। समापन अवसर पर ग्राम साल्ही की बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक नृत्य ने कार्यक्रम को और आकर्षक बना दिया।

समारोह में मुख्य अतिथि मुकेश कुमार (चीफ ऑफ क्लस्टर, एईएल, सरगुजा), जिला पंचायत सदस्य रैमुनिया करियाम, बीडीसी श्रवण वरकड़े,राम द्विवेदी (क्लस्टर एचआर हेड, एईएल) एवं अमित तिवारी (साइट हेड, पीसीबी) सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। अतिथियों ने इस आयोजन को ग्रामीण युवाओं के सर्वांगीण विकास की दिशा में सराहनीय पहल बताया।

आयोजकों ने बताया कि भविष्य में इस टूर्नामेंट को जिला एवं राज्य स्तर तक विस्तारित करने की योजना है। कार्यक्रम का समापन पुरस्कार वितरण एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।


अन्य पोस्ट