सरगुजा
सराफा कारोबारियों ने किया पुलिस अफसर-कर्मियों का सम्मान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 23 दिसंबर। सदर रोड स्थित जगदंबा आभूषण भंडार में चोरी का प्रयास करने वाले बुर्काधारी चोर को समय रहते गिरफ्तार करने पर सराफा व्यापारियों ने अम्बिकापुर पुलिस एवं साइबर सेल टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर आभूषण व्यापारियों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
उल्लेखनीय है कि 13 दिसंबर की रात लगभग 11 बजे अज्ञात चोर द्वारा जगदंबा आभूषण भंडार में चोरी के प्रयास की घटना सामने आई थी। चोर ने दुकान के सीसीटीवी कैमरे एवं बिजली कनेक्शन के तार काटकर वेंटिलेशन के माध्यम से अंदर घुसने की कोशिश की थी। इस संबंध में थाना कोतवाली अम्बिकापुर में अपराध दर्ज कर विवेचना की गई।
विवेचना के दौरान थाना कोतवाली एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने शहर में लगे पुलिस एवं निजी प्रतिष्ठानों के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का अवलोकन कर आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा। आरोपी के कब्जे से वेल्डिंग मशीन, प्लायर, वायर कटर, वेल्डिंग रॉड, टॉर्च सहित अन्य औजार बरामद किए गए।
पुलिस की तत्परता से बड़ी चोरी की वारदात टलने पर 23 दिसंबर को जगदंबा आभूषण भंडार के संचालक कृष्ण प्रसाद सोनी,राजा सोनी सहित सराफा व्यापारी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल ने इस सफलता का श्रेय अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों एवं नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल के मार्गदर्शन में कार्यरत साइबर सेल टीम को दिया।
सराफा व्यापारियों ने सहायक उप निरीक्षक अजीत कुमार मिश्रा,प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, जयदीप सिंह, विकास सिन्हा तथा आरक्षक मनीष सिंह, जितेश साहू, रमेश राजवाड़े, अमित विश्वकर्मा एवं नितिन सिन्हा को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके कार्य की सराहना की।