सरगुजा

पुराने बस डिपो में 10 लाख लीटर क्षमता की नई पानी टंकी निर्माण शुरू
23-Dec-2025 10:07 PM
पुराने बस डिपो में 10 लाख लीटर क्षमता की नई पानी टंकी निर्माण शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 23 दिसंबर। शहर की पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मंगलवार को पुराने बस डिपो परिसर में 10 लाख लीटर क्षमता के नवीन उच्च स्तरीय जलागार निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में महापौर मंजूषा भगत, नगर निगम सभापति हरमिन्दर सिंह (टिन्नी), महापौर परिषद सदस्य जितेन्द्र सोनी तथा वरिष्ठ पार्षद आलोक दुबे सहित संबंधित वार्डों के पार्षद एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर बताया गया कि उक्त जलागार निर्माण कार्य के लिए अधोसंरचना मद अंतर्गत 107.76 लाख की स्वीकृति प्रदान की गई है। वहीं पानी टंकी को भरने के लिए राइजिंग मेन पाइपलाइन विस्तारीकरण कार्य हेतु मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के अंतर्गत 73.84 लाख की स्वीकृति दी गई है, जिसका कार्यादेश जारी किया जा चुका है।

जलागार का निर्माण पूर्ण होने के पश्चात नगर निगम क्षेत्र के शीतला वार्ड क्रमांक 32, रामानुज वार्ड क्रमांक 33, ब्रम्ह वार्ड क्रमांक 34, स्वामी विवेकानंद वार्ड क्रमांक 35 एवं अग्रसेन वार्ड क्रमांक 38 के वार्डवासियों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप नियमित एवं पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।

कार्यक्रम के दौरान नगर निगम अम्बिकापुर के कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता एवं उप अभियंता सहित निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि नगरवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिकता है और आने वाले समय में पेयजल व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाएगा।


अन्य पोस्ट