सरगुजा

उदयपुर में गुरु घासीदास जयंती पर जिला स्तर सद्भावना शिविर
23-Dec-2025 10:05 PM
उदयपुर में गुरु घासीदास जयंती पर जिला स्तर सद्भावना शिविर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

उदयपुर, 23 दिसंबर। गुरु घासीदास जयंती के अवसर पर 18 दिसंबर को विकासखंड उदयपुर में जिलास्तरीय अस्पृश्यता निवारणार्थ सद्भावना शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन आदिमजाति विकास विभाग द्वारा स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, उदयपुर में किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय संविधान की प्रस्तावना के वाचन के साथ हुआ। इसके पश्चात महात्मा गांधी, डॉ. भीमराव अंबेडकर, गुरु घासीदास एवं संत रविदास के छायाचित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य राधा रवि, आदिमजाति विकास विभाग के सहायक आयुक्त ललित शुक्ला, जिला गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष संतोष जायसवाल, उदयपुर मंडल अध्यक्ष अखण्ड विधायक सिंह एवं प्रबोध सिंह, सतनाम समाज के जिलाध्यक्ष रघुवीर सूर्यवंशी सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, उदयपुर के छात्र-छात्राओं द्वारा स्वागत गीत से की गई। इसके पश्चात विद्यालय के बच्चों ने भाषण एवं पंथी नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी। वहीं, पो. मा. कन्या छात्रावास उदयपुर की छात्राओं द्वारा भी भाषण एवं पंथी नृत्य का प्रभावशाली प्रदर्शन किया गया।

सद्भावना शिविर में गुरु घासीदास के जीवन, उनके ज्ञान एवं उपदेशों तथा अस्पृश्यता निवारण विषय पर वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए। प्रमुख वक्ताओं में हा. से. सलका के प्राचार्य बी.बी. राम, अखण्ड विधायक सिंह, प्रबोध सिंह, सेवानिवृत्त शिक्षक लब्यु राम शामिल रहे।

कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि राधा रवि ने समाज के उत्थान, समानता एवं सामाजिक समरसता पर विशेष रूप से प्रकाश डाला।

कार्यक्रम का मंच संचालन उदयपुर मंडल संयोजक उमेश दफ्तुआर द्वारा किया गया। आयोजन को सफल बनाने में विभाग के समस्त अधीक्षक, अधीक्षिकाओं एवं अन्य कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा।


अन्य पोस्ट