सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर, 21 दिसंबर। जीआरए इंटरनेशनल स्कूल में अभिनंदन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की अध्यक्ष कौशल अग्रवाल, निदेशक राम प्रताप अग्रवाल, विद्यालय की प्रधानाचार्या मीतू अग्रवाल, विद्यालय के सचिव अजीत अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक राजेश अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों से हुई, जिसमें छत्तीसगढ़ी, राजस्थानी एवं पंजाबी नृत्य शामिल रहे। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा प्रेरणादायक भाषण प्रस्तुत किए गए, जिनमें उन्होंने शिक्षा का महत्व, अनुशासन तथा अपने उज्ज्वल भविष्य को लेकर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान कुछ अभिभावकों ने विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, अनुशासन, शिक्षकों की मेहनत एवं बच्चों के सर्वांगीण विकास की खुले दिल से सराहना की और विद्यालय को एक उत्कृष्ट शिक्षण संस्थान बताया। अभिभावकों के सकारात्मक विचारों से विद्यालय परिवार का उत्साह और अधिक बढ़ा।
इसके पश्चात विद्यालय की प्रधानाचार्या मीतू अग्रवाल ने विद्यालय की शैक्षणिक प्रगति, उपलब्धियों एवं भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। वहीं विद्यालय सचिव अजीत अग्रवाल ने विद्यालय की आंतरिक एवं बाह्य व्यवस्थाओं, शैक्षणिक सुविधाओं एवं आधुनिक संसाधनों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों की पढ़ाई, अनुशासन एवं चरित्र निर्माण पर अपने विचार साझा किए गए। पूरा कार्यक्रम अत्यंत सफल रहा और उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों एवं गणमान्य नागरिकों ने विद्यालय की सराहना की।