सरगुजा

एसआईआर पर पूर्व उपमुख्यमंत्री सिंह देव ने ली समीक्षा बैठक
20-Dec-2025 10:04 PM
एसआईआर पर पूर्व उपमुख्यमंत्री सिंह देव ने ली समीक्षा बैठक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 20 दिसंबर। मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय राजीव भवन में शनिवार को पूर्व उपमुख्यमंत्री टी एस सिंहदेव ने समीक्षा बैठक की।

एसआईआर  की प्रक्रिया के प्रारंभ होने के उपरांत ये उनकी द्वारा ली गई चौथी समीक्षा बैठक है। इस बैठक में एसआईआर को लेकर गठित लोकसभा, विधानसभा, ब्लॉक कांग्रेस के प्रभारी और सहप्रभरियो के अतिरिक्त ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष एवं मंडल अध्यक्ष मौजूद थे।

एसआईआर  में गणना प्रपत्र के वितरण और उनके एकत्रीकरण के लिए पूर्व निर्धारित तिथि 4 दिसंबर को दो बार 7-7 दिनों तक बढ़ाने के उपरांत 18 दिसंबर इसकी अंतिम तिथि थी।

समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि 23 दिसंबर को मतदाता सूचियों का मसौदा प्रकाशन के बाद पार्टी के मंडल अध्यक्ष और बीएलए पर महत्वपूर्ण जवाबदेही आ जाएगी। प्रकाशित मतदाता सूचियों में जिन वैध मतदाताओं का नाम नहीं आएगा उनके सहयोग के लिए दावा प्रस्तुत करना होगा। साथ ही मतदाता सूचियों में जुड़े गलत नामों को भी तलाश कर इन नामों पर अपनी आपत्ति दर्ज करानी होगी।

गहन पुनरीक्षण के दूसरे चरण में  बीएलए के महत्व को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि बूथ पर बीएलए के हाथ में ही पार्टी की पूरी बागडोर है। उन्होंने कांग्रेस के सभी वरिष्ठ, कनिष्ठ नेताओं सहित सभी पदाधिकारियों को तत्काल एक एक बूथ की जिम्मेदारी लेने का निर्देश भी दिया। उन्होंने कहा कि सभी अपने अपने बूथ का नम्बर जिला कांग्रेस कमेटी को देकर तत्काल प्रभाव से उस बूथ पर एसआईआर के प्रबंधन में बीएलए को सहयोग प्रदान करें।


अन्य पोस्ट