सरगुजा

शुभांगी बनीं सरगुजा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष, संगठन सशक्तिकरण पर जोर
20-Dec-2025 10:00 PM
शुभांगी बनीं सरगुजा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष, संगठन सशक्तिकरण पर जोर

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति व जिला नेतृत्व की घोषणा, सरगुजा से कई नाम शामिल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 20 दिसंबर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव एवं प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय की सहमति से भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति एवं जिला अध्यक्षों की घोषणा की गई है।

इसी क्रम में भाजपा सरगुजा से फुलेश्वरी सिंह को महिला मोर्चा का प्रदेश महामंत्री नियुक्त किया गया है। वहीं सोनू तिग्गा, नीलम राजवाड़े, आशा शुक्ला एवं रजनी बिंद को महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बनाया गया है।

साथ ही, भाजपा सरगुजा महिला मोर्चा के नेतृत्व की जिम्मेदारी शुभांगी बिहाड़े को सौंपते हुए उन्हें जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं कार्यसमिति सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिला मोर्चा पार्टी संगठन की महत्वपूर्ण कड़ी है। नवनियुक्त पदाधिकारी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत करेंगे तथा केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन–जन तक पहुँचाने का कार्य करेंगे।

नव नियुक्त भाजपा सरगुजा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष शुभांगी बिहाड़े ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने जो विश्वास मुझ पर जताया है, उस पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास करूंगी। महिला सशक्तिकरण, संगठन विस्तार और बूथ स्तर तक मजबूती प्रदान करना मेरी प्राथमिकता रहेगी। सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर भाजपा की नीतियों और विचारधारा को जनता तक पहुंचाया जाएगा।

भाजपा महिला मोर्चा में हुई इन नियुक्तियों से सरगुजा जिले में संगठन को नई ऊर्जा एवं मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।


अन्य पोस्ट