सरगुजा

स्वस्थ मन ही मजबूत समाज की नींव-शिल्पा पाण्डेय
15-Dec-2025 8:51 PM
स्वस्थ मन ही मजबूत समाज  की नींव-शिल्पा पाण्डेय

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 15 दिसंबर। अंबिकापुर के कस्तूरबा आवासीय विद्यालय में विजन समाजसेवी संस्था द्वारा जीवन अनमोल है थीम पर मानसिक स्वास्थ्य हमारा अधिकार विषय पर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।

जागरूकता कार्यक्रम की संयोजक अधिवक्ता एवं समाज सेविका शिल्पा पांडे द्वारा जागरूकता कार्यक्रम के लक्ष्य को बताते हुए यह कहा गया कि स्वस्थ मस्तिष्क के बच्चे तीन मजबूत स्तंभों का परिणाम होते हैं-पहले कि वह स्वयं दूसरा उनके अभिभावक के संस्कार और तीसरा उनके शिक्षकों का बच्चों के प्रति व्यवहार एवं संस्कार। कस्तूरबा आवासीय विद्यालय अनुशासन एवं संस्कार का समायोजन है, बस महत्वपूर्ण बात यह है कि शिक्षा के इस यज्ञ शाला में हर बच्चा मन से मजबूत रहे। जीवन अनमोल है स्वस्थ मां से ही मजबूत समाज की  नींव रखी जा सकती है।

 मुख्य अतिथि संतोष दास ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य है जब हम बच्चों को मजबूत करते हैं तो हमारे देश का भविष्य अपने आप निखर जाएगा, इसके लिए सबसे जरूरी है कि बच्चे खुलकर जीए, खुली हवा में सांस लें, अवसाद और निराशा को निकाल कर फेंक दें। कम नंबर आते हैं कोई बात नहीं फिर प्रयास करें हिम्मत न हारे, प्रयास करते रहे।

विशिष्ट अतिथि पुलिस अधिकारी अभय तिवारी ने भी कहा - आप सभी बच्चियों के चेहरे पर मुस्कुराहट देखकर मुझे यह यकीन हो गया है कि आप सभी जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण रखते होंगे। आगे कहा कि सब चीज अपने आप ठीक हो जाती हैं बस आपको भरोसा रखना होगा।

 कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ समाज सेवक मंगल पांडे ने कहा कि संस्कारवान बच्चे ही स्वस्थ मस्तिष्क के मालिक बनते हैं, इसीलिए कभी भी अपने परिवार के संस्कार ना त्यागें, अनुशासन में रहे और दूसरों को भी रहने दें।

आवासीय विद्यालय  छात्रावास अधीक्षक गुलाब खेस ने सभी अतिथियों का स्वागत किया तथा आने के लिए धन्यवाद व्यापित किया।

कई छात्राओं ने अपनी समस्याओं को लिखकर संस्था की संयोजक को प्रदान किया। गंभीर एवं गोपनीय गंभीर एवं गोपनीय विषय पर कार्यक्रम संयोजक द्वारा वन टू वन बुलाकर बच्चियों से चर्चा की गई।

 कार्यक्रम में विजन समाजसेवी संस्था से राजू यादव उपस्थित थे लगभग 200 छात्राओं ने हिस्सा लिया।

ज्ञात हो  कि विजन समाजसेवी संस्था की निर्देशिका शिल्पा पांडे  लगातार विभिन्न स्कूलों एवं छात्रावास में जाकर बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत करने के लिए कार्यशालाओं का आयोजन कर रही है।


अन्य पोस्ट